‘ये मेरा लास्ट वीडियो…’आखिरी वक्त में एशियन गेम्स की टीम से बाहर हुईं दिव्यांशी, वीडियो में छलका दर्द

जापान में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय वुशु Wushu टीम में आखिरी समय पर बदलाव किया गया है। 23 जून को घोषित टीम में शामिल राजस्थान के कोटा की खिलाड़ी दिव्यांशी चौधरी का नाम अब हटा दिया गया है। उनकी जगह नाओरेम रोशिबीना देवी को टीम में शामिल किया गया है। खेल मंत्रालय की ओर से 11 सितंबर को टीम को लेकर अपडेट जारी किया गया था। इसके बाद दिव्यांशी का एक भावुक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने टीम से बाहर किए जाने को लेकर अपनी नाराजगी और निराशा जाहिर की।
वीडियो में रोते हुए नजर आईं दिव्यांशी
करीब नौ मिनट के इस वीडियो में दिव्यांशी काफी भावुक दिखाई दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में चुना गया था और इसकी तैयारी भी कर रही थीं। उनके मुताबिक, उन्हें भारतीय टीम की जर्सी तक दी जा चुकी थी। दिव्यांशी का कहना है कि इसके बावजूद प्रतियोगिता से कुछ दिन पहले उनका नाम टीम से हटा दिया गया। वीडियो में उन्होंने इस फैसले को लेकर वुशु फेडरेशन पर सवाल उठाए और कहा कि उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया गया। वीडियो के आखिरी हिस्से में दिव्यांशी ने बेहद परेशान करने वाली बातें कहीं और अपने परिवार से माफी मांगी। उन्होंने कैमरा छत की ओर करते हुए इसे अपना आखिरी वीडियो बताया। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर चिंता और चर्चा दोनों बढ़ गई हैं।
नीरज चोपड़ा 2026 एशियन गेम्स से बाहर, एंकल में लिगामेंट टियर
दिव्यांशी ने फेडरेशन पर उठाए सवाल
दिव्यांशी ने अपने वीडियो में टीम से बाहर किए जाने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बहुत बड़ा सपना था। इसके लिए उन्होंने लंबे समय तक मेहनत की थी और टीम में चयन के बाद उन्हें लगा था कि उनका सपना पूरा होने जा रहा है। लेकिन आखिरी समय में टीम में बदलाव होने से वह बेहद निराश हो गईं। उन्होंने अपने चयन और फिर नाम हटाए जाने को लेकर कई सवाल उठाए और अपनी बात लोगों के सामने रखी।
फेडरेशन ने फिटनेस को बताया वजह
दिव्यांशी को टीम से हटाए जाने के पीछे उनकी फिटनेस का मुद्दा बताया गया है। एसोसिएशन की ओर से उन्हें फिट नहीं होने की बात कही गई है। हालांकि, दिव्यांशी इस दावे से सहमत नहीं हैं। उन्होंने अपने वीडियो में इस वजह को स्वीकार नहीं किया और टीम से बाहर किए जाने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल इस मामले में दिव्यांशी के आरोपों और फेडरेशन की ओर से बताई गई वजह के बीच अंतर नजर आ रहा है। इसलिए पूरे मामले की तस्वीर संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान के बाद ही साफ हो सकेगी।
एशियन गेम्स से पहले विवाद ने बढ़ाई चिंता
एशियन गेम्स 19 सितंबर से जापान में शुरू होने वाले हैं। प्रतियोगिता से ठीक पहले भारतीय वुशु टीम में हुए इस बदलाव ने विवाद खड़ा कर दिया है। एक तरफ टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की तैयारियां अंतिम दौर में हैं, वहीं दूसरी तरफ दिव्यांशी के भावुक वीडियो ने खिलाड़ी चयन की प्रक्रिया और खिलाड़ियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिव्यांशी के वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने चिंता जताई है। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट और आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
खिलाड़ी के आरोपों पर अब सबकी नजर
दिव्यांशी के मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम में शामिल किए जाने के बाद आखिरी समय पर उनका नाम क्यों बदला गया। फिटनेस को लेकर दिया गया कारण कितना सही है और चयन प्रक्रिया में किन नियमों का पालन किया गया, यह आगे की जानकारी से स्पष्ट होगा।



















