Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

किसान पुत्र ने पिता के सपने को दी नई उड़ान, 15 साल के तिलकराज का MP अंडर-19 टीम में चयन

15 वर्षीय तिलकराज पटेल का मध्यप्रदेश अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। कोहानी गांव के किसान परिवार के इस बेटे ने पिता के अधूरे क्रिकेट सपने को नई दिशा दी।

सोहागपुर। कोहानी गांव के 15 वर्षीय तिलकराज पटेल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर गांव से राज्य स्तर तक का सफर तय किया है। किसान परिवार से आने वाले तिलकराज का चयन मध्यप्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से कोहानी गांव सहित पूरे सोहागपुर-शोभापुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पिता ने बेटे में देखा अपना अधूरा सपना

तिलकराज के पिता हीरा पटेल खुद क्रिकेट के प्रति जुनून रखते हैं। क्षेत्र में क्रिकेट के लिए उनका समर्पण और लंबे समय तक मैदान पर किया गया संघर्ष चर्चित रहा है। हालांकि उनका अपना क्रिकेट का सपना पूरा नहीं हो सका, लेकिन उन्होंने उम्मीद अपने इकलौते बेटे तिलकराज से जोड़ी। हीरा पटेल ने बचपन से ही तिलकराज को क्रिकेट के शुरुआती गुर सिखाए और उसकी रुचि को आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया। बेटे ने भी पिता के भरोसे को कायम रखते हुए पढ़ाई के साथ क्रिकेट में लगातार मेहनत जारी रखी।

पढ़ाई के साथ जारी रखा क्रिकेट का अभ्यास

हीरा पटेल के अनुसार तिलकराज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ, पिपरिया से प्राप्त की। कोरोना काल के दौरान उसने नर्मदा वैली में शिक्षा ग्रहण की। बाद में परिवार ने उसे अपने पास रखने का निर्णय लिया और उसका दाखिला पिपरिया के सेमरीटेंस स्कूल में कराया गया। वर्तमान में तिलकराज कक्षा नौवीं का विद्यार्थी है। पढ़ाई के साथ उसने क्रिकेट के अभ्यास को भी जारी रखा। लगातार मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम अब मध्यप्रदेश की अंडर-19 टीम में चयन के रूप में सामने आया है।

Breaking News

गांव से राज्य स्तर तक पहुंची प्रतिभा

महज 15 वर्ष की उम्र में राज्य स्तर की क्रिकेट टीम तक पहुंचना तिलकराज के परिवार के साथ-साथ कोहानी गांव और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उसकी सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र में मौजूद खेल प्रतिभाओं को भी पहचान दिलाई है। तिलकराज के चयन पर विद्यालय परिवार, ग्राम कोहानी और उसकी मित्र मंडली में खासा उत्साह है। सुरेश पटेल, मेहरबान सिंह पटेल, पुष्पराज सिंह पटेल, राजकुमार पटेल गलचा, रामबाबू पटेल, चंद्रगोपाल भार्गव, शरद दुबे और विनय पटेल सहित सैकड़ों लोगों ने उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ग्वालियर में 50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग, ड्राइवर को लगी गोली

बेटे की रुचि को दी आगे बढ़ने की आजादी

तिलकराज के पिता हीरा पटेल ने कहा कि उन्होंने बेटे की रुचि को देखते हुए उसे आगे बढ़ने की पूरी आजादी दी। उन्होंने कहा कि बेटे की उपलब्धि पर एक पिता के रूप में उन्हें गर्व है। साथ ही उन्होंने तिलकराज की सफलता में सहयोग और शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। तिलकराज की मेहनत ने पिता के क्रिकेट से जुड़े अधूरे सपने को नई दिशा दी है। वहीं, कोहानी गांव की इस बाल प्रतिभा ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाकर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

Latest Posts