Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मुंबई में खराब मौसम का असर :एअर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइट इंदौर एयरपोर्ट डायवर्ट

मुंबई में तेज बारिश और खराब मौसम के कारण एयर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइटों को इंदौर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली और कोच्चि से आ रही इन उड़ानों में कुल 243 यात्री सवार थे। मौसम सामान्य होने तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा, जबकि मुंबई एयरपोर्ट पर कई उड़ानें प्रभावित रहीं।
एअर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइट इंदौर एयरपोर्ट डायवर्ट

मुंबई में रविवार को तेज बारिश, तेज हवाओं और खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। खराब मौसम की वजह से दो फ्लाइटों को इंदौर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें एअर इंडिया की दिल्ली से मुंबई और इंडिगो की कोच्चि से मुंबई जाने वाली फ्लाइट शामिल हैं।

दोनों फ्लाइट सुबह इंदौर पहुंचीं

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2963 दिल्ली से मुंबई जा रही थी। मुंबई में लैंडिंग के लिए मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण इसे सुबह करीब 11:10 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इस फ्लाइट में 106 यात्री सवार थे।

वहीं, इंडिगो की फ्लाइट 6E-662 कोच्चि से मुंबई जा रही थी। इसे भी सुबह करीब 11:08 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इस विमान में 137 यात्री सवार थे।

यात्रियों को करना पड़ा इंतजार

दोनों विमानों के इंदौर पहुंचने के बाद यात्रियों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, मुंबई का मौसम सामान्य होते ही दोनों फ्लाइटों को उनके तय गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।

Emergency Landing

मुंबई में कई उड़ानें हुईं प्रभावित

लगातार बारिश और खराब मौसम की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इसका असर दूसरे शहरों से आने और जाने वाली फ्लाइटों पर भी पड़ा।

कब डायवर्ट की जाती है फ्लाइट?

जब किसी एयरपोर्ट पर तेज बारिश, आंधी, कम दृश्यता या रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं होती, तब एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) विमान को नजदीकी वैकल्पिक एयरपोर्ट पर उतरने का निर्देश देता है। मौसम सामान्य होने के बाद विमान को उसके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाता है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts