अब तक कार्रवाई क्यों नहीं....? बिहार में लड़की से बदसलूकी मामले में राहुल गांधी ने सरकार से मांगा जवाब

बिहार के जमुई में लड़की से कथित बदसलूकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। वीडियो को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नाराजगी जताई और बिहार सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि घटना का वीडियो परेशान करने वाला है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने सोमवार, 21 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वीडियो में 10वीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में कथित तौर पर रोका जाता दिख रहा है।
'यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है'
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में बिना किसी पार्टी का नाम लिए बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों पर नियंत्रण को संस्कृति मानने वाली सोच को सामान्य नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने इसे पितृसत्तात्मक सोच बताते हुए कहा कि किसी पुरुष को लड़की के शरीर, उसकी आवाजाही या उसकी पसंद पर नियंत्रण का अधिकार नहीं है।
ये भी पढ़ें: बिहार के जमुई में कपल को भीड़ ने रास्ते में रोका, लड़की से बैड टच का आरोप; बदसलूकी का VIDEO वायरल, 3 आोरपी गिरफ्तार
POCSO के तहत कार्रवाई की मांग
राहुल गांधी ने मांग की कि वीडियो में दिखाई देने वाले सभी लोगों की पहचान की जाए और दोषियों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने बिहार सरकार से यह भी सवाल किया कि अगर शाम के समय सड़क पर एक लड़की के साथ ऐसी घटना होती है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।
पुलिस ने दर्ज की FIR, 3 गिरफ्तार
वहीं, जमुई में वायरल हुए इस वीडियो को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। मामले में FIR दर्ज की गई है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।




















