Narmadapuram : तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे राहगीर को कुचलते हुए घसीटा, ड्राइवर मौके से फरार, हादसे का VIDEO आया सामने

नर्मदापुरम। शहर के संजय नगर ग्वालटोली इलाके में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। मंगलवार रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे युवक राजा धौलपुरिया को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार युवक को करीब 10 से 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। दुर्घटना के बाद थोड़ी दूर जाकर ड्राइवर ने कार खड़ी की और मौके से फरार हो गया।
घटना सड़क किनारे दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वहीं हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में राजा धौलपुरिया के सिर, पैर, कमर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल वह अस्पताल में उपचाराधीन है।
कार जब्त, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर लावारिस हालत में खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया है। हालांकि, कार चालक अब भी फरार है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।












