पिपरिया सड़क हादसा:तेज रफ्तार बोलेरो पलटी, पति-पत्नी और मासूम समेत 5 की मौत

नर्मदापुरम जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मटकुली-पिपरिया मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी और उनके 8 साल के बेटे की भी जान चली गई।
हादसे में पति-पत्नी और बेटे की मौत
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान नर्मदापुरम के बंजारा ड्रीम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे और बेटे अक्षत धुर्वे (8) के रूप में हुई है। इसके अलावा समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) और झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) की भी हादसे में मौत हो गई। वहीं हादसे में समनापुर निवासी आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा
पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार ने बताया कि बोलेरो तामिया से मटकुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण बोलेरो सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: CJP Protest : जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के साथ मारपीट
मौके पर मचा हड़कंप
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने भी तुरंत पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें: सीधी में हादसा : सोन नदी के भंवरसेन घाट पर डूबे चार लोग, युवती का शव मिला, तीन लापता
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बाइक सवार को बचाने के दौरान वाहन अनियंत्रित होना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।












