CJP Protest : जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के साथ मारपीट

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान अचानक हंगामे की स्थिति बन गई। शहीद स्मारक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ धक्का-मुक्की हुई और एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दीपके के समर्थकों ने हमलावर को पीट दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप किया। प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और भीड़ को व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: खान सर कोचिंग विवाद : ज्ञान बिंदु एकेडमी के रौशन आनंद ने कहा-'फैजल खान मेरी भी हत्या करवा सकता है'
छात्र और युवा मुद्दों को लेकर किया गया था प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी ने यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी और छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर आयोजित किया था। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की बात कही।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र की समस्याएं केवल परीक्षा घोटालों तक सीमित नहीं हैं। उनके अनुसार, छात्र, अभिभावक और युवा बेहतर, निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और जिम्मेदारी तय करने की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है।
प्रशासन की अनुमति से हुआ कार्यक्रम
अभिजीत दीपके रविवार देर रात जयपुर पहुंचे थे। प्रदर्शन के लिए जयपुर पुलिस ने पूर्व निर्धारित शर्तों के साथ अनुमति प्रदान की थी। प्रशासन ने कार्यक्रम में अधिकतम 800 लोगों की भागीदारी की अनुमति दी थी। साथ ही आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: कोचिंग कैपिटल में जेन जी से बात : NEET पेपर लीक को लेकर राहुल की रैली के लिए हो रहा कोटा तैयार
कई राज्यों में चला चुकी है अभियान
सीजेपी का दावा है कि वह शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर देशभर में अभियान चला रही है। संगठन पहले भी दिल्ली के जंतर-मंतर, पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत कई शहरों में प्रदर्शन कर चुका है।












