ताशकंद पहुंचे PM मोदी, एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने किया गर्मजोशी से स्वागत; व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर होगी बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंच गए। एयरपोर्ट पर उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत और उज्बेकिस्तान के मजबूत होते संबंधों की झलक देखने को मिली।
प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिहाज से यह बैठक अहम मानी जा रही है।
यांगी उज्बेकिस्तान पार्क में PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि
ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यांगी उज्बेकिस्तान पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव भी उनके साथ मौजूद रहे। यांगी उज्बेकिस्तान पार्क देश के प्रमुख सार्वजनिक पार्कों में शामिल है। इसका उद्घाटन 31 अगस्त 2021 को उज्बेकिस्तान की स्वतंत्रता की 30वीं वर्षगांठ के मौके पर किया गया था।
व्यापार से लेकर ऊर्जा तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की बैठक में दोनों देश कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे। इनमें व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दे शामिल हैं। दोनों नेता अब तक हुई प्रगति पर चर्चा करने के साथ भविष्य के लिए नई प्राथमिकताएं भी तय कर सकते हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।
उज्बेक छात्रों ने हिंदी में किया PM मोदी का स्वागत
ताशकंद रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के कुछ छात्रों का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वीडियो में छात्र हिंदी में प्रधानमंत्री का स्वागत करते नजर आए। पीएम मोदी ने छात्रों के इस अंदाज की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उज्बेकिस्तान के युवा दोस्तों ने जिस उत्साह के साथ उनका स्वागत किया, वह खास है। उन्होंने खास तौर पर छात्रों के हिंदी में स्वागत संदेश देने पर खुशी जताई। वीडियो में छात्रों ने भारत और उज्बेकिस्तान के बीच सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी के ताशकंद पहुंचने पर उत्साह जाहिर किया।
उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा कर रहे PM मोदी
विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज के मुताबिक, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा है। इससे पहले पीएम मोदी 2015 में उज्बेकिस्तान गए थे। इसके बाद उन्होंने 2016 और 2022 में SCO समिट में हिस्सा लेने के लिए उज्बेकिस्तान का दौरा किया था। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मौजूदा यात्रा भारत और उज्बेकिस्तान के लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने का अवसर है।
भारत-उज्बेकिस्तान के रिश्ते कैसे हैं?
भारत और उज्बेकिस्तान के बीच पिछले कई वर्षों से द्विपक्षीय और बहुपक्षीय स्तर पर मजबूत संबंध रहे हैं। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव 2018 में भारत की राजकीय यात्रा पर आए थे। इसके अलावा उन्होंने 2019 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भी हिस्सा लिया था। पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की मुलाकात 2023 में दुबई में COP28, 2024 में कजान में BRICS समिट और 2025 में चीन के तियानजिन में SCO समिट के दौरान हुई थी।




















