Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Nana Patekar Death News LIVE: पुणे के डोंजे गांव में पंचतत्व में विलीन होंगे नाना पाटेकर, पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपी जाएगी देह

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में गोवा में निधन हो गया। कार्डियक अरेस्ट के बाद 45 मिनट तक CPR दिया गया। महाराष्ट्र सरकार राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार करेगी।
Nana Patekar Death News LIVE: पुणे के डोंजे गांव में पंचतत्व में विलीन होंगे नाना पाटेकर, पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपी जाएगी देह
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर की राजकीय सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई

Live Updates

11:30 AM 08/10/26

पुणे के डोंजे गांव में होगा अंतिम संस्कार

नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पुणे के डोंजे गांव में किया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर परिवार को सौंपा जाएगा। इसके बाद पार्थिव देह को पुणे ले जाया जाएगा, जहां परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होगी। 

11:07 AM 08/10/26

रवि किशन ने नाना पाटेकर को बताया सादगी की मिसाल

भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के अभिनेता रवि किशन ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नाना स्टारडम से दूर रहने वाले ऐसे कलाकार थे, जिनकी पहचान उनकी सादगी, सहजता और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व से बनी। रवि किशन ने नाना के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को याद किया। उन्होंने बताया कि दोनों की समय-समय पर बातचीत होती रहती थी और नाना से उन्होंने अभिनय के साथ-साथ जीवन को देखने का नजरिया भी सीखा।

11:04 AM 08/10/26

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मल्हार पाटेकर से की बात

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने नाना के बेटे मल्हार पाटेकर से फोन पर बात कर संवेदना जताई और परिवार को ढांढस बंधाया। फडणवीस ने नाना पाटेकर के सामाजिक योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि अभिनेता के कार्यों और सामाजिक पहलों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार परिवार के साथ खड़ी रहेगी। महाराष्ट्र सरकार ने नाना पाटेकर के मराठी रंगमंच, मराठी सिनेमा और हिंदी फिल्म जगत में योगदान को देखते हुए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय लिया है।

X Post

 

11:00 AM 08/10/26

एकनाथ शिंदे ने याद किया नाना पाटेकर से जुड़ा किस्स

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी नाना पाटेकर के निधन पर भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अभिनेता को महाराष्ट्र का गौरव और मराठी मानुष का सम्मान बताया। शिंदे ने नाना पाटेकर के साथ अपनी हालिया मुलाकात को याद किया। उन्होंने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी। इस दौरान नाना ने उनके काम और व्यक्तित्व को लेकर तारीफ की थी। शिंदे ने कहा कि नाना पाटेकर सिर्फ अभिनेता नहीं थे, बल्कि सामाजिक मुद्दों को लेकर भी अपनी आवाज मजबूती से उठाते थे। उनके निधन से महाराष्ट्र ने एक संवेदनशील और सशक्त कलाकार खो दिया है।

X Post

 

11:00 AM 08/10/26

अक्षय कुमार ने कहा- नाना जी बेमिसाल थे

नाना पाटेकर के निधन की खबर से उनके साथ काम कर चुके अभिनेता अक्षय कुमार भी भावुक हो गए। अक्षय ने सोशल मीडिया पर नाना को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साथ काम करने की यादें साझा कीं। अक्षय ने नाना पाटेकर के साथ 'वेलकम' और हाल ही में 'हाउसफुल 5' में काम किया था। उन्होंने नाना की आवाज, अभिनय की गहराई और हर किरदार में दिखाई देने वाली ईमानदारी को याद किया। अक्षय ने कहा कि नाना का अंदाज बिल्कुल अलग था और उनके साथ बिताई यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।

X Post

 

बॉलीवुड और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। अभिनेता ने 8 अक्टूबर 2026 की सुबह गोवा स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उन्हें अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें सुबह करीब 5:20 बजे मृत घोषित किया। नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। नाना पाटेकर के अचानक निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। अक्षय कुमार, रवि किशन समेत कई कलाकारों और नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। महाराष्ट्र सरकार ने अभिनेता का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का फैसला लिया है।

नाना पाटेकर का कैसे हुआ निधन?

जानकारी के मुताबिक नाना पाटेकर इन दिनों किसी निजी काम के सिलसिले में गोवा में थे। गुरुवार तड़के उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें गोवा के डोना पाउला स्थित उनके आवास पर बेहोशी की हालत में पाया गया। मणिपाल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, नाना पाटेकर को गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने के लिए लगातार सीपीआर दिया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। अस्पताल पहुंचने के बाद भी करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने की कोशिश की गई। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. शेखर सालकर के मुताबिक, नाना पाटेकर को करीब सुबह 5:20 बजे मृत घोषित किया गया। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि अभिनेता को पहले से दिल से जुड़ी समस्या थी और वे दवाएं ले रहे थे।

X Post

नाना पाटेकर की मौत पर पोस्टमार्टम क्यों होगा?

अस्पताल की ओर से इस मामले में मेडिको-लीगल केस यानी MLC दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट को मौत की वजह बताया है, लेकिन इसके पीछे की सटीक मेडिकल वजह पोस्टमार्टम और संबंधित जांच के बाद सामने आएगी।

 बेटे मल्हार पाटेकर ने दी निधन की जानकारी

नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने पिता के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिवार गोवा के लिए रवाना हो गया है। रिपोर्टों के मुताबिक नाना पाटेकर का पार्थिव शरीर दोपहर के बाद पुणे लाया जाएगा। नाना के निधन की खबर सामने आते ही उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर फैल गई। 75 साल की उम्र में उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts