'किंग' के लिए उल्टी गिनती शुरू! रिलीज से 10 दिन पहले आएगा शाहरुख की फिल्म का ट्रेलर

शाहरुख खान के फैंस के लिए दिसंबर का महीना खास होने वाला है। करीब तीन साल बाद अभिनेता अपनी नई फिल्म 'किंग' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। अब इसकी रिलीज से पहले ट्रेलर को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का ट्रेलर 14 दिसंबर को रिलीज किया जा सकता है। वहीं, फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यानी ट्रेलर आने के ठीक 10 दिन बाद दर्शक शाहरुख को बड़े पर्दे पर देख सकेंगे।
14 दिसंबर को आएगा 'किंग' का ट्रेलर
वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का ट्रेलर 14 दिसंबर को जारी करने की तैयारी है। मेकर्स फिल्म की रिलीज से पहले प्रचार अभियान को तेज करने वाले हैं। ट्रेलर के जरिए दर्शकों को फिल्म की कहानी, किरदारों और एक्शन की पहली बड़ी झलक मिल सकती है। फिल्म की रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 तय है। ऐसे में ट्रेलर रिलीज होने के बाद दर्शकों के पास फिल्म देखने के लिए सिर्फ 10 दिन का इंतजार होगा। खास बात यह है कि फिल्म क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में आएगी, जिससे छुट्टियों के दौरान इसे दर्शकों का अच्छा साथ मिलने की उम्मीद है।
शाहरुख के जन्मदिन पर रिलीज हुआ था पहला गाना
'किंग' के प्रचार की शुरुआत शाहरुख खान के जन्मदिन यानी 2 नवंबर को हुई थी। इस दिन फिल्म का पहला गाना 'तू मिल जाए' रिलीज किया गया। इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी नजर आई। दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया। अब रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रेलर से पहले फिल्म का एक और गाना इसी महीने रिलीज किया जा सकता है। फिल्म का संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है। ऐसे में ट्रेलर से पहले नए गाने के जरिए मेकर्स फिल्म के संगीत को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा सकते हैं।
बेटी सुहाना के साथ शाहरुख की पहली फिल्म
'किंग' शाहरुख खान के लिए सिर्फ एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म नहीं है, बल्कि यह उनके परिवार के लिए भी खास प्रोजेक्ट है। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि इस फिल्म में शाहरुख पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। सुहाना इससे पहले जोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज' से अभिनय की दुनिया में कदम रख चुकी हैं। हालांकि, वह फिल्म सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। 'किंग' के जरिए सुहाना का थिएट्रिकल डेब्यू होगा, यानी दर्शक उन्हें पहली बार सिनेमाघरों में देखेंगे।
ये भी पढ़ें: इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट से शादी की जिद में घर पहुंचा युवक, पिटाई के बाद मौत; पिता समेत 2 गिरफ्तार
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख और सुहाना के अलावा दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में हैं। इसके साथ ही अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। इतने बड़े कलाकारों के एक साथ आने से फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। खास तौर पर शाहरुख और दीपिका की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर दिखाई देगी। दोनों इससे पहले 'ओम शांति ओम', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'हैप्पी न्यू ईयर', 'पठान' और 'जवान' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
'पठान' के बाद फिर साथ आए शाहरुख और सिद्धार्थ आनंद
'किंग' में शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है। इससे पहले दोनों ने 2023 में आई फिल्म 'पठान' में साथ काम किया था। उस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिली थी। शाहरुख की पिछली थिएट्रिकल फिल्म 'डंकी' साल 2023 में रिलीज हुई थी। इसके बाद से उनकी कोई नई फिल्म बड़े पर्दे पर नहीं आई। अब 'किंग' के साथ वह करीब तीन साल बाद सिनेमाघरों में वापसी करेंगे। शाहरुख ने सितंबर में सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के सवालों का जवाब देते हुए फिल्म की 24 दिसंबर वाली रिलीज डेट पर भरोसा जताया था। उन्होंने कहा था कि फिल्म से जुड़ी सारी चीजें रिलीज से पहले सामने आ जाएंगी। अब ट्रेलर की संभावित तारीख सामने आने के बाद फैंस का इंतजार और बढ़ गया है।




















