ग्वालियर-चंबल में गूंजा था नाना का ‘तांत्रिक’ अवतार, अब ‘शक्ति शालिनी’ में जिंदा रहेंगी वो यादें

ग्वालियर। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म जगत के साथ ग्वालियर-चंबल के वे लोग भी भावुक हैं, जिन्होंने कुछ महीने पहले अभिनेता को शहर और आसपास के इलाकों में शूटिंग करते देखा था। नाना पाटेकर मई 2026 में मैडॉक फिल्म्स की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ की शूटिंग के लिए ग्वालियर पहुंचे थे। फिल्म के उनके हिस्से की शूटिंग पूरी हो चुकी थी और अब यह फिल्म अभिनेता की प्रमुख अंतिम स्क्रीन प्रस्तुतियों में शामिल है। फिल्म की शूटिंग ग्वालियर के अलावा मुरैना, दतिया, आंतरी, पनिहार और चंबल क्षेत्र में भी हुई। राजस्थान के धौलपुर सहित अन्य स्थानों पर भी फिल्म के दृश्य फिल्माए गए। चंबल के बीहड़ों में फिल्म के लिए रहस्यमयी और डरावने सेट तैयार किए गए थे। शूटिंग के दौरान इन सेट और नाना पाटेकर की मौजूदगी को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुटती रही।

तांत्रिक के लुक ने खींचा था ध्यान
चंबल क्षेत्र में नाना पाटेकर का लुक खास तौर पर चर्चा में रहा। बढ़ी हुई दाढ़ी, काले कपड़े और तांत्रिक के किरदार में उनका अंदाज उनके सामान्य पर्दे वाले रूप से बिल्कुल अलग दिखाई दिया। वहीं अभिनेत्री अनीत पड्डा भी फिल्म में अलग अंदाज में नजर आएंगी। फिल्म में उनके दोहरी भूमिका में होने की जानकारी सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई थी। फिल्म का निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है और यह मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में अनीत पड्डा के साथ नाना पाटेकर, सीमा बिस्वास, विनीते कुमार सिंह और विशाल जेठवा महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। निर्देशक आदित्य सरपोतदार ने भी नाना के साथ काम करने को याद करते हुए बताया कि अभिनेता फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित थे और अंतिम एडिट देखने तथा डबिंग के लिए भी उत्सुक थे।
यह भी देखें: केन-बेतवा लिंक परियोजना पर हाईकोर्ट सख्त, CEC रिपोर्ट पेश करने के निर्देश; 13 अक्टूबर को अगली सुनवाई
ग्वालियर में ठहराव भी रहा चर्चा में
ग्वालियर प्रवास के दौरान नाना पाटेकर के उषा किरण पैलेस में ठहरने की भी चर्चा रही। अब उनके निधन के बाद ग्वालियर की गलियों, चंबल के बीहड़ों और यहां फिल्माए गए दृश्यों से जुड़ी उनकी यादें स्थानीय लोगों के लिए और खास हो गई हैं। पर्दे पर ‘शक्ति शालिनी’ में नाना का किरदार दिखाई देगा तो ग्वालियर-चंबल में हुई शूटिंग की यादें भी एक बार फिर ताजा होंगी। नाना पाटेकर का निधन 8 अक्टूबर 2026 को 75 वर्ष की उम्र में हुआ।




















