48 घंटे में 10 लाख डॉलर दो नहीं तो उड़ा दूंगा मुंबई एयरपोर्ट... ईमेल पर मिली बम से उड़ाने की धमकी; बिटकॉइन में पैसे ट्रांसफर करने की मांग

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एयरपोर्ट अथॉर्रिटी को धमकी भरा एक मेल मिला है। मेल भेजने वाले ने बम धमाके ना करने के एवज में 48 घंटों के भीतर बिटकॉइन में एक मिलियन डॉलर की मांग की है। मेल में आगे कहा गया है कि, अगर बिटकॉइन में राशि नहीं दी गई तो बुरा हाल होगा। मुंबई की सहार पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने IP एड्रेस का पता लगा लिया है। वहीं धमकी मिलने के बाद मुंबई एयरपोर्ट की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है।
किस आईडी से आया धमकी भरा मेल
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, quaidacasrol@gmail.com” नाम की एक आईडी से धमकी भरा ईमेल आया है। ईमेल गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) के फीडबैक इनबॉक्स में भेजा गया। मेल के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मुंबई के सहार पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ धारा 385 (जबरन वसूली करने के लिए किसी व्यक्ति को चोट लगने का डर रखना) और 505(1)(b) (जनता में डर पैदा करने या सार्वजनिक शांति के खिलाफ भय पैदा करने के इरादे से दिए गए बयान) के तहत केस दर्ज कर लिया है।




















