सोहागपुर में बुजुर्ग दंपती की हत्या का खुलासा, बेटा ही निकला कातिल; 12 घंटे में गिरफ्तार
सोहागपुर। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद और शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद आरोपी ने चूल्हे में जल रही मोटी लकड़ी से माता-पिता के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे दोनों की मौत हो गई। वारदात के बाद वह घर के पिछले दरवाजे से जंगल की ओर फरार हो गया था। पुलिस ने करीब छह घंटे की सर्चिंग के बाद उसे कच्चे नाले से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
12 घंटे में पुलिस ने किया दोहरे हत्याकांड का खुलासा
5 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे ग्राम रैनी पानी से सूचना मिली कि गांव में रहने वाले बुजुर्ग दंपती राधे उईके और उनकी पत्नी तितो बाई उर्फ कृष्णा उईके के घर में दोनों के शव पड़े हैं। उनके सिर और शरीर से खून निकल रहा था। सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए।
बेटे के साथ विवाद की बात आई सामने
शुरूआती पूछताछ में आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले मृतक दंपती का पुत्र कमलेश उईके के साथ विवाद हुआ था। वारदात के बाद उसे घर के पिछले दरवाजे से जंगल की तरफ भागते हुए भी देखा गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने एसडीओपी सोहागपुर अरविंद शाह को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।.
पत्नी की डिलीवरी को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी कमलेश उईके ने कथित तौर पर बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती है और उसकी डिलीवरी होने वाली है। करीब एक सप्ताह पहले वह पत्नी को लेकर अपने माता-पिता के पास आया था। वह चाहता था कि उसकी पत्नी की डिलीवरी उसकी मां के घर पर हो, लेकिन इस बात को लेकर पिता के साथ कई दिनों से विवाद चल रहा था। आरोपी ने बताया कि उसकी मां ने दूसरी शादी की थी और उसके पिता काशीराम उईके की मृत्यु हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: जमानत मिलते ही दूसरे केस में उर्मिला सनावर हिरासत में, देहरादून पुलिस करेगी पूछताछ
शराब के नशे में किया माता-पिता पर हमला
आरोपी के मुताबिक, घटना वाली रात उसने अपने माता-पिता के साथ शराब पी थी। इसी दौरान शराब के नशे में विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने चूल्हे में जल रही मोटी लकड़ी उठा ली। इसके बाद उसने माता-पिता के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे दोनों की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर के पिछले दरवाजे से जंगल की ओर फरार हो गया था।
छह घंटे की सर्चिंग के बाद कच्चे नाले से पकड़ा
वारदात के बाद पुलिस टीम ने जंगल और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब छह घंटे की सर्चिंग के बाद आरोपी कमलेश को कच्चे नाले से हिरासत में ले लिया गया। इस तरह सोहागपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए, जिनके आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई गई। आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक विवेक यादव, राहुल पटेल, शहादत अली, प्रधान आरक्षक संजीव धुर्वे, विनोद नागर, मनीराम पटेल तथा आरक्षक अजमेर सिंह परिहार, सुनील ओझा, मनोहर दायमा और नीलेश रघुवंशी की अहम भूमिका रही।
























