सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 24 वनकर्मियों की पदोन्नति, अधिकारियों ने लगाए स्टार
सोहागपुर। कार्यक्रम में क्षेत्र संचालक राखी नंदा और उप संचालक संजीव शर्मा ने पदोन्नत वनकर्मियों की वर्दी पर स्टार लगाकर उन्हें नए पद का अलंकरण प्रदान किया। अधिकारियों ने वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
24 वनकर्मियों को मिला पदोन्नति का सम्मान
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आयोजित समारोह में हाल ही में पदोन्नति प्राप्त करने वाले कुल 24 वनकर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें वनरक्षक से वनपाल और वनपाल से उप वन क्षेत्रपाल बने कर्मचारी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में बाघ आकलन-2026 की तैयारी तेज, 36 वनकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
अधिकारियों ने वर्दी पर लगाए स्टार
समारोह में क्षेत्र संचालक राखी नंदा और उप संचालक संजीव शर्मा ने पदोन्नत वनकर्मियों की वर्दी पर स्टार लगाकर उन्हें नए पद का अलंकरण प्रदान किया। इस अवसर पर सहायक संचालक आशीष खोबरागड़े (पिपरिया), एसपी मैथानी (सोहागपुर) और मुकेश जालोर (इटारसी) सहित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नई जिम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं
क्षेत्र संचालक राखी नंदा और उप संचालक संजीव शर्मा ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को नई पदस्थापना और जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी भविष्य में और अधिक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी बधाई
समारोह में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पदोन्नति प्राप्त वनकर्मियों को बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की कामना की।

























