MP Weather Update : प्रदेश में फिर बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 24 घंटे में 4.5 इंच तक पानी गिरने का अनुमान

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार (12 अगस्त) को जबलपुर समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में इन इलाकों में साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है। वहीं, 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में बनने वाले लो-प्रेशर एरिया का असर पूरे प्रदेश में दिखेगा, जिससे बारिश का नया दौर शुरू होगा।
12 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में आज भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, उनमें छतरपुर, सतना, पन्ना, रीवा, मैहर, दमोह, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इन जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
आने वाले दिनों का मौसम
13 अगस्त: नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, सीधी, मऊगंज और रीवा में भारी बारिश का अलर्ट।
14 अगस्त: देवास, सीहोर, खंडवा, हरदा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, सागर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में तेज बारिश की संभावना।
15 अगस्त से: दक्षिणी एमपी में लगातार तेज बारिश, मालवा-निमाड़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा असर।
मौसम बदलने की वजह
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, इस समय एक ट्रफ और दो चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं। 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया बनने से पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू होगा, जो 15 अगस्त से दक्षिणी हिस्से में भी पहुंचेगा।
अब तक हुई बारिश का हाल
इस सीजन में मध्य प्रदेश में औसत से 29% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
पूर्वी एमपी (जबलपुर, सागर, शहडोल, रीवा संभाग) में 37% अधिक
पश्चिमी एमपी (भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, नर्मदापुरम) में 25% अधिक
सबसे ज्यादा बारिश: गुना- 45.8 इंच, निवाड़ी- 45.1 इंच, मंडला-टीकमगढ़- 44 इंच, अशोकनगर- करीब 42 इंच
अगस्त में ही पूरा हो जाएगा बारिश का कोटा
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगस्त के अंत तक कई जिलों में वार्षिक बारिश का लक्ष्य पूरा हो जाएगा। वर्तमान में 10 जिलों में पहले ही कोटा पूरा हो चुका है, जबकि इंदौर और उज्जैन संभाग के कई जिले अब भी पीछे हैं।











