PlayBreaking News

MP Weather Update :आंधी-बारिश गई, अब तपेगा प्रदेश... 6 जिलों में लू का रेड अलर्ट, 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

मध्य प्रदेश में बारिश थमते ही भीषण गर्मी और हीटवेव का असर शुरू हो गया है। रतलाम में तापमान 45 डिग्री पहुंच गया है, जबकि इंदौर, उज्जैन समेत कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए अगले 4 दिनों का मौसम अपडेट और किन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी।
Follow on Google News
आंधी-बारिश गई, अब तपेगा प्रदेश... 6 जिलों में लू का रेड अलर्ट, 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पिछले 11 दिनों तक चली आंधी और बारिश के बाद अब प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को रतलाम और झाबुआ में लू का असर साफ दिखाई दिया। रतलाम में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि इंदौर में इस सीजन की सबसे ज्यादा गर्मी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में लू चलने और तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी जारी की है।

6 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को उज्जैन, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ जिलों में हीटवेव का असर रहेगा। इन जिलों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं और तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। IMD भोपाल ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

49 जिलों में पड़ेगी तेज गर्मी

राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत प्रदेश के 49 जिलों में तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर लगातार बढ़ेगा।

रतलाम लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म

रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार दूसरे दिन यहां तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

MP weather update

इंदौर में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

इंदौर में सोमवार को तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। पिछले साल मई के इसी समय इंदौर का तापमान करीब 42 डिग्री था। यानी इस बार गर्मी पिछले साल की तुलना में ज्यादा तेज महसूस की जा रही है।

भोपाल-जबलपुर में भी बढ़ा तापमान

भोपाल में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जबलपुर में 40.8 डिग्री और उज्जैन में 43 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। ग्वालियर में भी गर्मी का असर बना रहा और वहां पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बड़े शहरों का तापमान

शहर

अधिकतम तापमान

रतलाम

45°C

धार

44°C

शाजापुर

44.2°C

इंदौर

43.2°C

उज्जैन

43°C

खरगोन

42.6°C

खंडवा

42.5°C

भोपाल

41.2°C

जबलपुर

40.8°C

ग्वालियर

39°C

इन शहरों में भी तेज गर्मी

रतलाम के बाद शाजापुर सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धार में 44 डिग्री, खरगोन में 42.6 डिग्री, खंडवा में 42.5 डिग्री और गुना में 41.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। रायसेन, सागर, नर्मदापुरम और श्योपुर में भी पारा 41 डिग्री से ऊपर रहा।

11 दिन तक हुई थी बारिश

प्रदेश में 30 अप्रैल से 10 मई तक लगातार आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। कभी पश्चिमी विक्षोभ तो कभी चक्रवातीय सिस्टम और ट्रफ लाइन के असर से मौसम बदला रहा। मई के पहले सप्ताह में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब बारिश थमते ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Featured News

अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 12 से 15 मई तक इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास, शाजापुर, खरगोन, खंडवा, झाबुआ, अलीराजपुर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा। वहीं भोपाल, जबलपुर, रीवा, सागर, ग्वालियर और अन्य जिलों में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी

तेज गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर में धूप से बचने की अपील की गई है। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है।

क्यों बढ़ रही गर्मी?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बारिश थमने और आसमान साफ होने के कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन को गर्म कर रही हैं। इसके चलते तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बन गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि, फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts