PU Special :पहाड़ पर रिजर्वायर, अंडरग्राउंड पॉवर हाउस, नीमच के खिमला में 11,500 करोड़ की लागत से आकार ले रहा 1,920 मेगावाट का प्रोजेक्ट

नीमच से पुष्पेन्द्र सिंह। नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खिमला ब्लॉक की पथरीली पहाड़ियों के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा की एक नई तस्वीर आकार ले रही है। यहां 11,500 करोड़ रुपए के भारी-भरकम निवेश से भारत की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना (1,920 मेगावाट) का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बुधवार को राजधानी भोपाल से पहुंचे पत्रकारों के दल ने परियोजना स्थल पर पहुंचकर जमीन के भीतर से लेकर पहाड़ की चोटी तक चल रहे निर्माण कार्यों और इसकी तकनीकी बारीकियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। ग्रीनको MP01 IREP प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की पहली इकाई का संचालन अगले महीने यानी दिसंबर 2026 से शुरू करने की तैयारी है, जबकि वर्ष 2027 में इससे पूर्ण व्यावसायिक उत्पादन प्रारंभ हो जाएगा।
गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज को मिली रफ्तार

नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खिमला ब्लॉक की पथरीली पहाड़ियों में देश की ऊर्जा सुरक्षा की बड़ी परियोजना आकार ले रही है। करीब 11,500 करोड़ रुपए के निवेश से बन रही 1,920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का निर्माण तेजी से चल रहा है। बुधवार को भोपाल से पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों ने परियोजना स्थल का भ्रमण कर पहाड़ पर बन रहे जलाशय और जमीन के भीतर तैयार हो रहे पावर हाउस का जायजा लिया। ग्रीनको MP01 IREP प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित इस परियोजना की पहली टरबाइन दिसंबर 2026 से शुरू करने और वर्ष 2027 तक पूर्ण व्यावसायिक संचालन का लक्ष्य है। कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट स्वपन मोहंती ने विस्तार से इस प्रोजेक्ट के फायदे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे लगातार छह घंटे तक 1,920 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।
अभयारण्य के पास, वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल
गांधीसागर अभयारण्य के नजदीक बन रही परियोजना में जलीय और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर पीपुल्स समाचार ने प्रबंधन से सवाल किए गए। मछलियों, घड़ियालों और अन्य जलीय जीवों पर पंपिंग और टरबाइन संचालन के संभावित असर के बारे में पूछने पर अधिकारियों ने सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उनके अनुसार, पंपिंग पॉइंट पर फिश स्क्रीन लगाई जा रही हैं। ऊपरी जलाशय के आसपास फेंसिंग की गई है। भूमिगत पॉवर हाउस से शोर और कंपन कम रखने में मदद मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्यों से अब तक करीब 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: गांधीसागर में 18 नवंबर को होगी मोहन कैबिनेट की बैठक, 11,500 करोड़ की हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को मिलेगी मंजूरी
प्रोजेक्ट की प्रमुख संरचनाएं
- लोअर रिजर्वायर और कॉफर डैम।
- पहाड़ पर बना अपर रिजर्वायर।
- चट्टानों के भीतर भूमिगत पाॅवर हाउस।
वन्यजीवों की सुरक्षा के चार उपाय
- पंपिंग पॉइंट पर फिश स्क्रीन।
- ऊपरी जलाशय के चारों ओर फेंसिंग।
- भूमिगत निर्माण से शोर और कंपन कम रखने का प्रयास।
- जल का बार-बार उपयोग, खपत नहीं।
ये भी पढ़ें: गांधीसागर पहुंची नई मादा चीता; मुख्यमंत्री ने बाड़े में छोड़ा, नाम रखा ‘राधा’, मप्र के दूसरे घर में अब 4 चीते
परियोजना एक नजर में
- पहला चरण: अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा से पानी ऊपरी जलाशय में पहुंचाया जाएगा।
- दूसरा चरण: बिजली की मांग बढ़ने पर ऊपरी जलाशय से पानी छोड़ा जाएगा।
- तीसरा चरण: पानी के दबाव से टरबाइन चलेंगे और बिजली का उत्पादन होगा।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
- अधिकतम छह घंटे लगातार बिजली देने की क्षमता।
- सौर और पवन ऊर्जा के उतार-चढ़ाव को संतुलित करने में मदद।
- पीक आवर्स में बिजली की बढ़ती मांग पूरी करने में उपयोगी।
- जलाशय के पानी का बार-बार उपयोग करने की व्यवस्था।




















