CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान:इसी महीने आएगा UCC, बोले- सभी के लिए होगा एक समान कानून

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल में बड़ा राजनीतिक और औद्योगिक संदेश दिया। एक ओर उन्होंने साफ कहा कि प्रदेश में Uniform Civil Code (UCC) इसी महीने लागू किया जाएगा वहीं दूसरी ओर भोपाल के सतगढ़ी में बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन कर प्रदेश को नया औद्योगिक केंद्र बनाने का रोडमैप भी पेश किया। कार्यक्रम में देश-प्रदेश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसी महीने आएगा UCC
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने की पूरी तैयारी हो चुकी है और इसी महीने इसका कानून लाया जाएगा। उन्होंने कहा हिन्दू भाई एक शादी करता है और सात फेरे लेता है। सभी नागरिकों के लिए भी ऐसा ही समान कानून होना चाहिए। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करता है और UCC को किसी धर्म विशेष के खिलाफ बताने की कोशिश करेगा जबकि यह सभी नागरिकों के लिए समान कानून है।
10 लाख से ज्यादा सुझाव मिलने का दावा
CM Mohan Yadav ने बताया कि सरकार ने UCC लागू करने से पहले जनता की राय ली और 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती तो सीधे विधानसभा में विधेयक ला सकती थी लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाते हुए जनता की राय के आधार पर कानून तैयार किया जा रहा है।
भोपाल में बनेगा स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भोपाल के सतगढ़ी में बनने वाले Dr. Shyama Prasad Mukherjee Smart Industrial Park का भूमि-पूजन किया। करीब 173 एकड़ में विकसित होने वाला यह पार्क 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर तैयार किया जाएगा। इसमें उद्योगों के साथ कर्मचारियों के आवास, कौशल विकास, नवाचार केंद्र और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का कहना है कि इससे भोपाल को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।
IT, AI समेत कई उद्योग लगेंगे
इस इंडस्ट्रियल पार्क में हाई वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग, गारमेंट, टॉयज, IT, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), लॉजिस्टिक्स और नई तकनीक से जुड़े उद्योग स्थापित किए जाएंगे। सरकार के अनुसार इस परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे जिससे भोपाल और आसपास के युवाओं को बड़ा फायदा मिलेगा।
शिवपुरी को 2500 करोड़ की सौगात: सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया अदाणी डिफेंस प्लांट का शिलान्यास
10 हजार क्षमता का कन्वेंशन सेंटर बनेगा
परियोजना के तहत लगभग 25 एकड़ में विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर भी बनाया जाएगा। करीब 10 हजार लोगों की क्षमता वाले इस सेंटर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियां, व्यापार मेले और बड़े कारोबारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों को देखकर कांग्रेसियों की छाती पर सांप लोट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने यूका के आरोपियों को बचाने का काम किया था और उन्हें विमान से भागने में मदद की थी। सीएम ने कहा कि सरकार यूका परिसर को विकसित कर वहां ऐसा स्मारक बनाएगी, जो हजारों लोगों की मौत की याद दिलाएगा। साथ ही वहां आधुनिक अस्पताल भी बनाया जाएगा।
100 करोड़ के निवेश का ऐलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि सतगढ़ी परियोजना के भूमि-पूजन के साथ ही 100 करोड़ रुपए के शुरुआती निवेश की भी घोषणा हुई है। यह निवेश सागर ग्रुप के प्रबंध निदेशक सुधीर अग्रवाल की ओर से किया गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सतगढ़ी क्षेत्र का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
GIS के निवेश पर भी दिया बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) में प्रदेश को 30 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले थे। उनके मुताबिक इनमें से 10 लाख करोड़ रुपए का निवेश अब जमीन पर उतर चुका है। उन्होंने दावा किया कि सामान्यतः निवेश प्रस्तावों का केवल 10 प्रतिशत ही लागू होता है, लेकिन मध्यप्रदेश में करीब 30 प्रतिशत निवेश अमल में आ चुका है।
कृषि और लाड़ली बहना योजना का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र में 86 हजार करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से पहले सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 50 हजार करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में भेज चुकी है। साथ ही रोजगार प्राप्त करने वाली महिलाओं को सरकार 5 हजार रुपए अतिरिक्त देने की योजना पर भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास और रोजगार सृजन को भी समान प्राथमिकता दे रही है।












