शिवपुरी को 2500 करोड़ की सौगात:सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया अदाणी डिफेंस प्लांट का शिलान्यास

शिवपुरी। अडाणी समूह ने इसे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया और वर्ष 2030 तक 1 लाख 20 हजार रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी को देश के रक्षा मानचित्र पर नई पहचान मिलने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने मुख्यमंत्री के सामने कई विकास संबंधी मांगें रखीं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने मंच से ही स्वीकृति देने की घोषणा की। इसी के साथ जिले के विधायकों ने भी स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें सरकार के सामने रखीं।
2,500 करोड़ के डिफेंस प्रोजेक्ट की रखी गई आधारशिला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोलारस के पाली गांव के पास अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस की लगभग 2,500 करोड़ रुपए की परियोजना का शिलान्यास किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 211.29 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का सिंगल क्लिक के माध्यम से लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

भारत में ही बनेंगे रक्षा प्रणाली के जरूरी सिस्टम-जीत अडाणी
अडाणी समूह के निदेशक जीत अडाणी ने अपने संबोधन की शुरुआत 'नमस्ते' से की। उन्होंने कहा कि आज दक्षिण एशिया के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के मिसाइल इकोसिस्टम की शुरुआत हो रही है। यह ऐसा प्रोजेक्ट होगा, जिसमें रक्षा क्षेत्र के लिए आवश्यक रॉ मैटेरियल से लेकर मिसाइल सिस्टम तक का पूरा इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समूह का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 1 लाख 20 हजार रोजगार सृजित करना है और कंपनी चाहती है कि भारत की सुरक्षा के लिए जरूरी सिस्टम भारत में ही तैयार हों।

अब रक्षा मानचित्र पर चमकेगा शिवपुरी-मंत्री सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज शिवपुरी के इतिहास में नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक फैक्ट्री नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, राष्ट्र सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि कोलारस में बनने वाला डिफेंस कॉम्प्लेक्स देशभर के सैन्य प्रतिष्ठानों तक रक्षा सामग्री की तेज सप्लाई सुनिश्चित करेगा। इस परियोजना से लगभग 5 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

'दिल मांगे मोर' कहकर रखीं विकास की मांगें
संबोधन के आखिर में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुस्कुराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवपुरी को 2,500 करोड़ रुपए की सौगात लेकर आए हैं, लेकिन 'दिल मांगे मोर'। इसके बाद उन्होंने शिवपुरी शहर के लिए लगभग 14 किलोमीटर लंबा सर्कुलर रोड, 108 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा, राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी विंग और कार्डियोलॉजी विभाग, खोड़ में नवीन शासकीय महाविद्यालय की मांग रखी। उन्होंने इन परियोजनाओं को जिले के विकास के लिए आवश्यक बताया।
ये भी पढ़ें: मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़: दो क्लीनिक सील; स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने मंच से ही सभी मांगों को दी स्वीकृति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज महाराज की आवाज में कुछ ज्यादा ही आनंद था। उन्होंने कहा कि जिस डिफेंस फैक्ट्री की आधारशिला रखी गई है, वह आने वाली पीढ़ियों का इतिहास लिखेगी। मुख्यमंत्री ने मंच से ही सिंधिया द्वारा रखी गई सभी मांगों को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके साथ ही 108 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा, सुभाषपुरा को नई तहसील, पिछोर में पीएसी सेंटर और सड़क विकास सहित अन्य मांगों को भी मंजूरी देने की घोषणा की।
विधायकों ने स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों की मांग रखी
शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग उठाई। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की 100 बिस्तरों की क्षमता बढ़ाकर 150 करने, जिला अस्पताल को 450 से बढ़ाकर 600 बिस्तरों का करने, मेडिकल कॉलेज में एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने, मरीजों के परिजनों के लिए रैन बसेरा बनाने की मांग की। इसके अलावा ठंडी सड़क के निर्माण और ऊमरीकलां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का भी आग्रह किया। वहीं कोलारस विधायक महेंद्र यादव ने कहा कि कोलारस विधानसभा को काफी सौगातें मिली हैं, इसलिए अब ज्यादा मांगने का मन नहीं है, लेकिन बदरवास स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तरों का अस्पताल बनाया जाए ताकि ग्रामीणों को बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने बारई रोड के चौड़ीकरण की भी मांग रखी।












