मप्र स्टेट बार काउंसिल चुनाव: 122 में से 100 उम्मीदवार बाहर, अब 14 मैदान में

पीपुल्स संवाददाता, जबलपुर। मप्र स्टेट बार काउंसिल चुनाव में भोपाल के डॉ. विजय चौधरी और जबलपुर के मनीष तिवारी ने निर्धारित कोटा पार कर लिया है। मनीष तिवारी ने लगातार दूसरी बार स्टेट बार काउंसिल चुनाव में जीत दर्ज की है।
अब तक 122 उम्मीदवारों में से 100 उम्मीदवार एलिमिनेशन राउंड में बाहर हो चुके हैं। चुनाव में अब 14 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। इनमें से 9 उम्मीदवारों का चयन होगा, जबकि 5 उम्मीदवार एलिमिनेट किए जाएंगे।
बुधवार को एक और उम्मीदवार बाहर
मुख्य चुनाव अधिकारी एसके पालो, सहायक चुनाव अधिकारी जीएस बघेल और दीपक अवस्थी के अनुसार, बुधवार को जबलपुर के आशीष त्रिवेदी एलिमिनेट हुए। इससे पहले इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया, अखिलेश कुमार सक्सेना, विवेक सिंह, उज्जैन के संदीप मेहता, जबलपुर के आरके सिंह सैनी और नित्यानंद मिश्रा, इंदौर की हितोषी जय हार्डिया और नरेंद्र कुमार जैन कोटा पार कर चुके हैं। चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ अब बचे हुए 14 उम्मीदवारों में से 9 का चयन किया जाएगा। वहीं 5 उम्मीदवार एलिमिनेशन राउंड में बाहर होंगे।




















