Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘सेवा’ के रंग में रंगेंगे एमपी के कॉलेज, छात्रों के साथ समुदाय भी निभाएगा भागीदारी

मध्यप्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को जनसेवा और जनभागीदारी से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान-2026 चलेगा। अभियान में स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरुकता, करियर काउंसलिंग, योग, सड़क सुरक्षा और मतदाता जागरुकता जैसी 13 गतिविधियां होंगी।
‘सेवा’ के रंग में रंगेंगे एमपी के कॉलेज, छात्रों के साथ समुदाय भी निभाएगा भागीदारी
सेवा संकल्प अभियान का प्रतीकात्मक चित्र

जबलपुर।विद्यार्थियों को जनसेवा और जनभागीदारी से जोड़ने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किए जाने को लेकर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान-2026 शुरू होगा। 

बताया जाता है कि उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके और अधिक से अधिक लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जा सके।

नोडल अिधकारी संभालेंगे कमान

अभियान में केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी, पूर्व विद्यार्थी, स्थानीय समुदाय, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं और महिला समूह भी सक्रिय रूप से शामिल होंगे। इसके लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय के कुलसचिव और महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। नोडल अधिकारी अभियान की गतिविधियों के आयोजन, समन्वय और दस्तावेजीकरण की जिम्मेदारी संभालेंगे।

चित्रकला से नुक्कड़ नाटक तक होंगे आयोजन

अभियान के दौरान चरणबद्ध तरीके से 13 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, श्रमदान और स्वच्छता अभियान, पौधारोपण एवं जल संरक्षण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं महिला स्वच्छता जागरुकता, नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा, कॅरियर काउंसलिंग, फिट इंडिया-योग सत्र, सड़क सुरक्षा और मतदाता जागरुकता से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।

हर कार्यक्रम की देनी होगी रिपोर्ट

उच्च शिक्षा विभाग ने अभियान के तहत आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि की रिपोर्ट भोपाल मुख्यालय भेजनी होगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी कॉलेजों और विश्व विद्यालयों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।

एक माह तक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी

उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक एक माह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यक्रम भेजा जा चुका है। दिए गए कार्यक्रम के अनुसार ही आगे की गतिविधि आयोजित कराई जाएंगी।

-प्रो अल्केश चतुर्वेदी, प्राचार्य लीड कॉलेज, जबलपुर।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts