Matrubhumi: शून्य डिग्री तापमान, बर्फीला पानी और 6 घंटे की शूटिंग… सलमान खान ने ‘मातृभूमि’ के लिए की कड़ी मेहनत

सलमान खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के टीजर और पोस्टर सामने आने के बाद से ही दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है। अब फिल्म के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने इसकी शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि एक मुश्किल सीक्वेंस की शूटिंग के लिए सलमान खान और पूरी टीम ने कड़ाके की ठंड में बर्फीले पानी के अंदर घंटों बिताए। पानी का तापमान करीब शून्य डिग्री था और कलाकार रोजाना लगभग छह घंटे तक गीले कपड़ों में शूटिंग करते थे।
स्टूडियो में शूटिंग का था प्लान, सलमान ने चुनी असली लोकेशन
डायरेक्टर अपूर्व लाखिया के मुताबिक, शुरुआत में इस मुश्किल सीक्वेंस को मुंबई के एक स्टूडियो में शूट करने की योजना थी। हालांकि, सलमान खान से बातचीत के बाद टीम को लगा कि स्टूडियो में शूटिंग करने से वह वास्तविक एहसास नहीं आ पाएगा, जिसकी जरूरत फिल्म के इस हिस्से को थी। इसके बाद टीम ने सितंबर के आखिरी दिनों में असली लोकेशन पर शूटिंग करने का फैसला लिया। यहां पानी का तापमान करीब शून्य डिग्री के आसपास था। कलाकारों को इसी जमा देने वाले पानी में उतरकर अपने सीन फिल्माने पड़े।
छह घंटे तक बर्फीले पानी में रहे सलमान और बाकी कलाकार
अपूर्व लाखिया ने बताया कि सलमान खान और उनके साथ मौजूद कलाकार रोजाना करीब छह घंटे तक ठंडे पानी में रहते थे। शॉट्स के बीच भी वे गीले कपड़ों में ही खाना खाते थे। ठंड से कांप रहे कलाकारों को देखकर साफ महसूस हो रहा था कि वे किसी तरह की एक्टिंग नहीं कर रहे हैं, बल्कि वास्तव में मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं। डायरेक्टर के मुताबिक, उन्हें लगा था कि इस सीक्वेंस की शूटिंग एक दिन में पूरी हो जाएगी, लेकिन इसे पूरा करने में ढाई दिन लग गए। पूरी टीम के लिए यह अनुभव काफी चुनौतीपूर्ण था।
सैनिक के किरदार में दिखेंगे सलमान खान
फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में सलमान खान एक सैनिक के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म के एक्शन और मुश्किल लोकेशंस पर हुई शूटिंग से जुड़े खुलासे इसकी मेकिंग को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहे हैं। फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी लीड रोल में हैं। इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है, जबकि सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया गया है।




















