Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP POLITICS 2023: चार राज्यों के 230 भाजपा विधायक मप्र के सभी विस क्षेत्रों में लेंगे फीडबैक

Follow on Google News
MP POLITICS 2023: चार राज्यों के 230 भाजपा विधायक मप्र के सभी विस क्षेत्रों में लेंगे फीडबैक

भोपाल। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए अब भाजपा ने दूसरे राज्यों के विधायकों से भी एक रिपोर्ट तैयार करने का प्लान बनाया है। इसके तहत एक सप्ताह तक ये विधायक विधानसभा क्षेत्रों में घूमकर जमीनी फीडबैक के आधार पर एक रिपोर्ट संगठन को सौंपेंगे। इसके लिए इन्हें बकायदा ट्रेंनिंग भी दी जाएगी। गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र के ये ऐसे विधायक हैं जो अपने क्षेत्रों में प्लानिंग के मास्टर कहे जाते हैं। पार्टी ने इसी खासियत के आधार पर मप्र बुलाया है।

भाजपा ने मप्र के विधानसभा चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती, इसीलिए केंद्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री, संगठन के आला नेताओं के साथ ही अब दूसरे प्रदेशों के विधायकों से भी एक फीडबैक रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।

विधायक सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में दौरा कर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बात कर क्षेत्र में पार्टी की स्थिति, भाजपा विधायकों के प्रति स्थानीय नेताओं-कार्यकर्ताओं का नजरिया, हारी हुई सीटों पर जीत की संभावनाओं आदि का विश्लेषण भी करेंगे।

19 को ट्रेनिंग फिर सात दिन का फील्ड फीडबैक प्रोग्राम

गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार से आने वाले विधायकों का सात दिन का कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके तहत 19 अगस्त को सभी विधायकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। विधायकों को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश काम करने के बारे में जानकारी देंगे। ट्रेनिंग के अगले दिन 20 अगस्त को सभी विधायक संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे। वे सात दिन तक फील्ड में घूमकर जानकारियां जुटाएंगे।

सबसे ज्यादा विधायक यूपी के

चार राज्यों से भाजपा ने जिन 230 विधायकों को चुना है, उनमें सबसे ज्यादा संख्या यूपी की है। यूपी के ये मास्टर विधायकों को ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। ये 100 विधायक मालवा के कुछ क्षेत्रों में भी पहुंचेंगे। यूपी के विधायकों को ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड का इलाका देने की वजह है कि यह क्षेत्र उप्र की सीमा से लगा है। इससे भाषाई समन्वय बनाने में परेशानी नहीं होगी। गुजरात और महाराष्ट्र के 48 -48 और बिहार के 34 विधायक है।

बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को भी मैदान में पहुंचाया

भाजपा ने अलग-अलग राज्यों के बूथ कार्यकर्ताओं के विधानसभा क्षेत्रों में भी पहुंचाया है। भाजपा ने बूथ जीता, चुनाव जीता नारे के साथ भोपाल में अलग- अलग राज्यों के बूथ कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया था। लगभग तीन हजार कार्यकर्ताओं में से करीब 800 विस्तारकों को बूथों की जमीनी हकीकत पता करने के लिए 1082 मंडलों में भेजा था।

यहां से इतने आएंगे विधायक

  • उत्तर प्रदेश  100
  • महाराष्ट्र       48
  • गुजरात       48
  • बिहार         34
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts