PU Special :बंडा जहरीली शराब कांड के बाद भी नहीं थमी शराब दुकानों की गड़बड़ी, 9301 केस, 5 हजार आरोपी गिरफ्तार

संतोष चौधरी, भोपाल। आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा और प्रमुख सचिव अमित राठौर की सख्त हिदायत भी मप्र की शराब दुकानों पर ओवर रेटिंग और धांधली नहीं रोक पा रही है। सागर के बंडा में जहरीली शराब कांड के बाद 6 सितंबर से चलाए गए एक माह के विशेष चेकिंग अभियान की रिपोर्ट ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश की 3,553 लाइसेंसी शराब दुकानों पर आबकारी अमले ने 9,464 बार चेकिंग की और 9,301 प्रकरण दर्ज किया। यानी औसतन हर दुकान पर अनियमितता पकड़ी गई। अभियान के दौरान 575 दुकानों से शराब के सैंपल लिए गए, जबकि 84 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई। साथ ही 5,017 आरोपियों पर शिकंजा कसा गया। इधर, सहायक आबकारी आयुक्त भोपाल वीरेंद्र कुमार धाकड़ का कहना है कि भोपाल जिले में अभियान में बड़ी सफलता मिली है। आमताैर पर लाइसेंसी शराब दुकानों पर ओवर रेटिंग, रेट लिस्ट न लगाना और स्टाॅक में कमी या ज्यादा जैसी मामलों में प्रकरण दर्ज किए जाते हैं।
सबसे ज्यादा जब्त हुई अवैध 'कच्ची शराब'
- कच्ची शराब: 41,169 लीटर जब्त (कुल जब्ती का लगभग आधा)।
- देसी व विदेशी: 11,753 बल्क लीटर देसी और 5,851 बल्क लीटर विदेशी शराब।
- बीयर व वाहन: 21,567 लीटर बीयर और तस्करी में लगे 81 वाहन जब्त।
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड पर जबलपुर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, 32 आरोपी गिरफ्तार
संभागीय प्रदर्शन- इंदौर-जबलपुर 'हीरो', सागर-रीवा 'जीरो'
इंदौर संभाग (नंबर-1): 3,389 प्रकरण दर्ज कर रिकॉर्ड 47,645 बल्क लीटर शराब जब्त
(2.59 लाख किग्रा लहान और 33 वाहन जब्त। 1,612 आरोपी बनाए गए)
जबलपुर संभाग (दूसरे स्थान पर): 2,487 मामले दर्ज कर 11,464 बल्क लीटर शराब जब्त और 2.14 लाख किग्रा लहान नष्ट किया।
भोपाल व उज्जैन संभाग (औसत प्रदर्शन): भोपाल में 1,228 मामलों में 6,891 लीटर और उज्जैन में 894 मामलों में 4,539 लीटर शराब पकड़ी गई।
ग्वालियर संभाग: 671 प्रकरणों के साथ चौथे पायदान पर रहा।
सागर व रीवा-शहडोल (सबसे फिसड्डी): बंडा कांड के केंद्र रहे सागर संभाग में पूरे महीने में महज 406 केस दर्ज हुए और सिर्फ 1 वाहन पकड़ा गया। वहीं रीवा-शहडोल संभाग मदिरा जब्ती में सबसे पीछे रहा, जहां 640 मामलों के बावजूद मात्र 3,203 लीटर शराब ही जब्त हो सकी।
ये भी पढ़ें: जहरीली शराब से मौतों की जांच के लिए बना आयोग, रिटायर्ड जस्टिस विष्णु प्रताप सिंह चौहान करेंगे पड़ताल
मैदानी कार्रवाई में चमके ये चार जिले
जबलपुर (सर्वाधिक केस): पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा 1,071 प्रकरण दर्ज कर 569 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा।
झाबुआ (रिकॉर्ड जब्ती): प्रदेश में शराब की सबसे बड़ी खेप (18,641 बल्क लीटर) इसी जिले से पकड़ी गई।
इंदौर (चौतरफा कार्रवाई): 818 केस दर्ज किए और तस्करी में लगे सर्वाधिक 27 वाहन जब्त किए।
धार (सघन अभियान): 674 केस दर्ज कर 315 आरोपी बनाए और 53 हजार किग्रा से अधिक लहान नष्ट किया।
ड्राई डे पर अवैध शराब जब्त
2 अक्टूबर की कार्रवाई भी कम नहीं रही। इस दिन अकेले 575 नए प्रकरण दर्ज किए गए और 1,941 लीटर मदिरा जब्त की गई।




















