Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सड़क पर लिखी किसकी ‘मौत’? पास में हल्दी, चूना, सिंदूर और चूड़ियां देख खरगोन में फैली सनसनी

खरगोन के झिरन्या क्षेत्र के पालधा गांव में रात मुख्य सड़क पर हल्दी, चूने और सिंदूर से चौकड़ी बनाकर बीच में ‘मौत’ लिखे जाने से ग्रामीणों में चर्चा और डर का माहौल बन गया। सड़क के पास चूड़ियां और कागज भी मिले। 
सड़क पर लिखी किसकी ‘मौत’? पास में हल्दी, चूना, सिंदूर और चूड़ियां देख खरगोन में फैली सनसनी
सड़क पर हल्दी, चूने और सिंदूर से चौकड़ी बनाकर बीच में ‘मौत’ लिखे जाने का मामला

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। झिरन्या क्षेत्र की अर्दला ग्राम पंचायत के पुनर्वास केंद्र पालधा में मंगलवार रात मुख्य सड़क पर कुछ ऐसी चीजें दिखाई दीं, जिन्हें देखकर ग्रामीणों के बीच डर और चर्चा का माहौल बन गया। सड़क पर हल्दी, चूने और सिंदूर से चौकड़ी जैसी आकृति बनाई गई थी। इसके बीच में ‘मौत’ शब्द लिखा हुआ था। आसपास चूड़ियां और कागज भी रखे मिले। अगले दिन सुबह जब ग्रामीणों की नजर इस पर पड़ी तो देखते ही देखते गांव में तरह-तरह की बातें होने लगीं। कुछ लोगों ने इसे टोना-टोटका या काला जादू से जोड़कर देखना शुरू कर दिया। हालांकि, इस तरह की किसी बात की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।

सुबह सड़क पर दिखा अजीब नजारा

पालधा का यह मुख्य मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। रोजाना ग्रामीण इसी रास्ते से अपने काम के लिए आते-जाते हैं। बुधवार सुबह जब लोगों ने सड़क पर हल्दी, चूना और सिंदूर से बनी आकृति देखी तो वे कुछ देर के लिए वहीं रुक गए। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क के बीच एक चौकड़ी बनाई गई थी और उसके बीच में ‘मौत’ लिखा था। इसके पास कुछ चूड़ियां और कागज भी रखे हुए थे। यह दृश्य देखकर लोगों के बीच डर का माहौल बन गया और देखते ही देखते इसकी चर्चा पूरे गांव में होने लगी।

MP पुलिस सेवा के 7 अफसरों को प्रमोशन, IPS कैडर में मिली जगह; गृह मंत्रालय ने जारी की सूची

ग्रामीणों के बीच फैलने लगीं अलग-अलग बातें

घटना सामने आने के बाद गांव में इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ ग्रामीण इसे अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ का कहना है कि किसी ने जानबूझकर लोगों को डराने के लिए यह सब किया होगा। ग्रामीण चंदन जाधव, नवलसिंह राठौड़, लखन राठौड़, दयालसिंह राठौड़ और भागीरथ जाधव ने बताया कि सुबह सड़क पर यह सामग्री दिखाई देने के बाद लोगों के बीच काफी चर्चा हुई। कुछ लोगों ने रात के समय अकेले घर से बाहर निकलने से बचने की बात भी कही। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि सड़क पर यह आकृति किसने बनाई और इसका मकसद क्या था।

‘काला जादू’ से जोड़कर देख रहे ग्रामीण

घटना के बाद कुछ ग्रामीण इसे काला जादू या टोने-टोटके से जोड़कर देख रहे हैं। खासकर श्राद्ध पक्ष और नवरात्रि से पहले इस तरह की चीजें मिलने के कारण गांव में अंधविश्वास से जुड़ी चर्चाएं और तेज हो गई हैं। लेकिन इन दावों की अभी कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यह भी संभव है कि किसी शरारती व्यक्ति ने लोगों में डर पैदा करने या अंधविश्वास फैलाने के लिए सड़क पर यह सब रखा हो।

PU Special : पानी की गुणवत्ता बिगड़ी तो तय होगी जिम्मेदारी, MP में जिला-ब्लॉक स्तर पर बनेंगी वॉश समितियां

पुलिस ने क्या कहा?

मामले को लेकर झिरन्या थाना प्रभारी गणपत कनेल ने बताया कि थाने में फिलहाल इस तरह की घटना को लेकर कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस की ओर से ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। पुलिस के बयान के बाद यह साफ है कि फिलहाल घटना को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सोशल मीडिया या गांव में चल रही चर्चाओं के आधार पर इसे किसी विशेष घटना या टोने-टोटके से जोड़ना उचित नहीं होगा।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts