MP पुलिस सेवा के 7 अफसरों को प्रमोशन, IPS कैडर में मिली जगह; गृह मंत्रालय ने जारी की सूची

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस सेवा के सात वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) कैडर में नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक ये नियुक्तियां राज्य पुलिस सेवा चयन सूची 2025 के आधार पर की गई हैं। सभी सात अधिकारियों को मध्य प्रदेश कैडर आवंटित किया गया है। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार अधिकारियों की अर्हकारी सेवा 27 वर्ष पूरी होने के आधार पर उन्हें 9 वर्ष का अधिकतम भारांक दिया गया है। इसके आधार पर इन सभी अधिकारियों का IPS सेवा वर्ष 2016 निर्धारित किया गया है।
वरिष्ठता क्रम भी हुआ तय
IPS कैडर में नियुक्ति के साथ सातों अधिकारियों का वरिष्ठता क्रम भी निर्धारित किया गया है। जारी सूची के मुताबिक इन अधिकारियों को 2016 बैच के IPS अधिकारी राजेंद्र कुमार वर्मा के नीचे और 2017 बैच के IPS अधिकारी अंकित जैसवाल के ऊपर स्थान दिया गया है। इस नियुक्ति के बाद राज्य पुलिस सेवा से IPS कैडर में आने वाले इन अधिकारियों की सेवा स्थिति में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।
इन सात अधिकारियों को मिली IPS कैडर में जगह
केंद्रीय गृह मंत्रालय की सूची के अनुसार, IPS कैडर में नियुक्त किए गए अधिकारियों के नाम हैं-
- निमिषा पांडे
- मलय जैन
- अमित सक्सेना
- मनीषा पाठक सोनी
- सुमन गुर्जर
- सत्यसाची सराफ
- सांवर वर्मा
2016 सेवा वर्ष किया गया निर्धारित
आदेश में सातों अधिकारियों की अर्हकारी सेवा और भारांक के आधार पर उनका IPS सेवा वर्ष 2016 तय किया गया है। 27 वर्ष की अर्हकारी सेवा पूरी होने के चलते सभी को नियमों के तहत अधिकतम 9 वर्ष का भारांक दिया गया। इसके साथ ही वरिष्ठता सूची में इन अधिकारियों की स्थिति भी तय हो गई है। अब वे मध्य प्रदेश कैडर के IPS अधिकारियों के रूप में सेवा करेंगे।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर के जंगल में अवैध उत्खनन, वन विभाग ने जेसीबी मशीन पकड़ी
नई जिम्मेदारियों का रास्ता साफ
IPS कैडर में नियुक्ति के बाद इन अधिकारियों को आने वाले समय में नई प्रशासनिक और पुलिस संबंधी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। राज्य पुलिस सेवा से IPS कैडर में चयन को अधिकारियों के करियर में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद अब राज्य स्तर पर इन अधिकारियों की नई पदस्थापना और जिम्मेदारियों को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।




















