Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

PU Special :प्रमोशन के बाद भी पोस्टिंग अटकी, जेल और कृषि विभाग में फाइलें मंत्रालय में लंबित

जेल विभाग में जून में ग्रेडिंग और डीपीसी फाइनल होने के बाद भी प्रमोशन ऑर्डर जारी नहीं हो सके हैं। वहीं कृषि विभाग में 800 से ज्यादा प्रमोशन के बाद भी पदोन्नत अफसर नवीन पदस्थापना आदेशों का इंतजार कर रहे हैं।
Follow on Google News
प्रमोशन के बाद भी पोस्टिंग अटकी, जेल और कृषि विभाग में फाइलें मंत्रालय में लंबित
प्रमोशन के बाद भी पोस्टिंग अटकी

विजय एस गौर, भोपाल। जेल विभाग में डीआईजी की पात्रता वाले अफसर अभी भी बतौर अधीक्षक सेंट्रल जेलों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। विभाग में डीआईजी के 4 में से 3 और सेंट्रल जेल अधीक्षक के 12 में से 7 पद खाली हैं। कृषि विभाग में अलग-अलग संवर्गों के 1,087 से ज्यादा अधिकारी पदोन्नति के बाद नवीन पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं। नवीन पदस्थापना आदेश जारी नहीं होने से भोपाल समेत 11 संभागों में प्रभारी संयुक्त संचालक और करीब दो दर्जन जिलों में प्रभारी उपसंचालक काम कर रहे हैं।

जून से जेल विभाग में प्रमोशन फाइल लंबित

जेल महकमे में प्रमोशन प्रक्रिया शुरू होने के बाद जून माह में ग्रेडिंग के बाद डीपीसी फाइनल होकर प्रमोशन ऑर्डर जारी होना थे, लेकिन फाइल तब से ही मंत्रालय में लंबित है। नतीजे में डीआईजी की पात्रता वाले अफसर बतौर अधीक्षक सेंट्रल जेलें संभाल रहे हैं। इनमें अखिलेश तोमर सेंट्रल जेल जबलपुर, दिनेश नरगावे इंदौर, संतोष सोलंकी नर्मदापुरम और शेफाली तिवारी बड़वानी सेंट्रल जेल अधीक्षक हैं।

ये भी पढ़ें: PIMS में आरक्षण पर छात्र संसद 2026 का आयोजन, छात्रों ने खुलकर रखे अपने विचार

जेल महकमे में वरिष्ठ पद खाली

जेल विभाग में वरिष्ठ पदों की स्थिति भी लंबे समय से खाली चल रही है। डीआईजी के कुल 04 पदों में 03 पद खाली हैं, जबकि सेंट्रल जेल अधीक्षक के 12 पदों में 07 पद रिक्त हैं। इसी तरह जिला जेल अधीक्षक के कुल 44 पदों में 24 पद खाली हैं और कल्याण अधिकारी के 06 पदों में 03 पद रिक्त हैं। प्रमोशन प्रक्रिया अटके होने से इन पदों पर भी असर पड़ रहा है।

Breaking News

कृषि विभाग में 1 हजार से ज्यादा अफसर पोस्टिंग के इंतजार में

कृषि विभाग में बीते 12 जुलाई तक सभी संवर्गों के प्रमोशन ऑर्डर जारी होने के बाद भी पदोन्नत अफसरों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी नहीं हो पा रहे हैं। कृषि विस्तार अधिकारी से कृषि विकास अधिकारी के 732, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से सहायक संचालक कृषि के 109, सहायक संचालक कृषि से उपसंचालक कृषि के 87 और सर्वेयर से कृषि विकास अधिकारी के 70 अधिकारी पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा कृषि विकास अधिकारी से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के 69, उपसंचालक कृषि से संयुक्त संचालक कृषि के 18 और संयुक्त संचालक कृषि से अवर संचालक कृषि के 02 पदोन्नत अधिकारी भी नवीन पदस्थापना आदेश के इंतजार में हैं।

ये भी पढ़ें: बिटुमेन के फर्जी बिल लगाने वाले ठेकेदार को मप्र हाईकोर्ट से राहत नहीं, 10 साल में लगाए थे 12 करोड़ के फर्जी बिल

संभाग से जिले तक प्रभार के सहारे व्यवस्था

कृषि विभाग में नवीन पदस्थापना आदेश जारी नहीं होने से सिर्फ जबलपुर संभाग को छोड़कर बाकी भोपाल सहित समस्त 11 संभागों में प्रभारी संयुक्त संचालक सालों से हैं। करीब दो दर्जन जिलों में उपसंचालक के पद के प्रभार में सहायक संचालक कार्यरत हैं। कृषि मंत्री के विशेष सहायक जीएस बघेल के अनुसार, जैसे-जैसे पदोन्नति की सूची आती जा रही हैं, वैसे-वैसे अनुमोदन के बाद मंत्रालय भेजी जा रही है। वहीं जेल विभाग के उप सचिव कमल नागर ने कहा कि 800 से ज्यादा प्रमोशन हो चुके हैं और सिर्फ क्लास-2 और क्लास-1 स्तर के प्रमोशन का मामला जीएडी में विचाराधीन है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts