Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अफसर बनाने का देखा था सपना, उठानी पड़ी अर्थी, ITM यूनिवर्सिटी के छात्र की ग्वालियर हाईवे पर सड़क हादसे में मौत

ग्वालियर में ITM यूनिवर्सिटी के सामने सड़क हादसे में BBA छात्र अमित राजपूत की मौत हो गई। परीक्षा देकर घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। अमित मुरैना का रहने वाला था और परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
अफसर बनाने का देखा था सपना, उठानी पड़ी अर्थी, ITM यूनिवर्सिटी के छात्र की ग्वालियर हाईवे पर सड़क हादसे में मौत
ग्वालियर में ITM यूनिवर्सिटी के सामने सड़क हादसे में BBA छात्र अमित राजपूत की मौत हो गई।

जिस बेटे को पिता ने बेहतर भविष्य के लिए ग्वालियर पढ़ने भेजा था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। BBA की परीक्षा देकर घर लौट रहा 20 वर्षीय अमित राजपूत सड़क हादसे का शिकार हो गया। यूनिवर्सिटी के सामने सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अमित परिवार का इकलौता बेटा था।

यूनिवर्सिटी के सामने सड़क पार करते समय हादसा

हादसा सोमवार शाम झांसी-ग्वालियर हाईवे पर ITM यूनिवर्सिटी के सामने हुआ। अमित राजपूत BBA फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र था। परीक्षा खत्म होने के बाद वह घर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से भाग गया। टक्कर लगने से अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुरैना से रोज ग्वालियर पढ़ने आता था अमित

अमित राजपूत मुरैना के महाराजपुरा गांव का रहने वाला था। उसके पिता बंटी राजपूत किसान हैं। अमित रोज मुरैना से ग्वालियर पढ़ाई करने आता-जाता था। पिता ने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए उसका दाखिला ITM यूनिवर्सिटी में कराया था। परिवार को उम्मीद थी कि अमित पढ़ाई पूरी कर किसी मल्टीनेशनल कंपनी में बड़ा अधिकारी बनेगा।

घर में शादी की तैयारियां, अचानक छाया मातम

अमित परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी सगाई हो चुकी है। परिवार में मार्च 2027 में होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन हादसे की खबर ने परिवार की खुशियां छीन लीं। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिवार अमित का शव लेकर मुरैना रवाना हो गया।

ये भी पढ़ें: मालखेड़ा डैम में डूबने से 21 साल के युवक की मौत, गहरे पानी में चला गया था सुशील

डंपर से टक्कर की आशंका, CCTV खंगाल रही पुलिस

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि छात्र को टक्कर मारने वाला वाहन डंपर हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी वाहन की पहचान की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब ITM यूनिवर्सिटी के आसपास और हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने छात्र को टक्कर मारी थी। घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts