मालखेड़ा डैम में डूबने से 21 साल के युवक की मौत, गहरे पानी में चला गया था सुशील

घंसौर। थाना क्षेत्र के मालखेड़ा डैम में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान मालखेड़ा खमरिया निवासी सुशील डेहरिया (21), पिता सुरेश डेहरिया के रूप में हुई है।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुशील मालखेड़ा डैम गया था। इसी दौरान वह डैम के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।




















