कारोबारी के सुसाइड में तीन महिलाओं से लेन-देन की कड़ियां!केस में जांच का दायरा बढ़ा सकती हैं पुलिस

इंदौर। रियल एस्टेट कारोबारी संदीप उर्फ बंटी नागर की रविवार को पलासिया स्थित ऑफिस में हुई मौत के बाद मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है। पुलिस अब सिर्फ मौत की परिस्थितियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बंटी नागर के कारोबारी नेटवर्क, पुराने पैसों के लेन-देन, साझेदारियों और उनसे जुड़े लोगों की भी गहराई से पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान पुलिस के सामने तीन महिलाओं से जुड़े पुराने कारोबारी संबंध और लेन-देन की जानकारी आई है। इन मामलों में पैसों के हिसाब-किताब और कारोबारी विवाद का जिक्र सामने आया है। हालांकि, पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि इन विवादों का बंटी नागर की मौत से कोई सीधा संबंध था या नहीं। इसी वजह से जांच एजेंसियां हर कड़ी को अलग-अलग स्तर पर परख रही हैं।
ये भी पढ़ें: ऑफिस में मिला रियल एस्टेट कारोबारी:फंदे पर लटका मिला शव,परिवार से पूछताछ में जुटी पुलिस
दो मोबाइल बने जांच की अहम कड़ी
पलासिया पुलिस ने संदीप नागर के दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। अब इन मोबाइल से निकलने वाली जानकारी जांच की दिशा तय कर सकती है। पुलिस कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य उपलब्ध डिजिटल जानकारी खंगाल रही है। सबसे अहम सवाल यह है कि मौत से पहले संदीप नागर किन लोगों के संपर्क में थे? उनकी आखिरी बातचीत किससे हुई? किस नंबर से कितनी बार बात हुई? क्या किसी कारोबारी लेन-देन या विवाद को लेकर कोई बातचीत हुई थी? पुलिस इन तमाम सवालों के जवाब तलाश रही है।
ये भी पढ़ें: इंदौर में ‘कुछ बड़ा होने वाला है’ ने मचाया हड़कंप, बैनर का राज खुला तो पुलिस भी रह गई हैरान!
ऑफिस की हर गतिविधि पर पुलिस की नजर
पुलिस अब उस दिन के घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। संदीप ऑफिस कब पहुंचे, उनके साथ कौन था, ऑफिस पहुंचने के बाद उनसे कौन मिला और उनके बाद बिल्डिंग में कौन-कौन आया,इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले और बाद में ऑफिस के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे।
ये भी पढ़ें: मुंबई के कारोबारी ने इंदौर निवासी पर लगाया 12 लाख की धोखाधड़ी का आरोप:कारोबारी ने थाने में दी शिकायत, जांच की मांग
तीन महिलाओं से जुड़े पुराने हिसाब ने बढ़ाई हलचल
जांच के दौरान तीन महिलाओं से जुड़े पुराने कारोबारी संबंधों की जानकारी सामने आई है। पुलिस फिलहाल इन सभी पहलुओं को अलग-अलग जांच रही है।
पहला मामला: एक महिला के साथ राऊ क्षेत्र की एक कॉलोनी के मुनाफे के हिसाब-किताब को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
दूसरा मामला: दूसरी महिला का संदीप नागर के रियल एस्टेट कारोबार में पैसा लगा होने की जानकारी सामने आई है। इस निवेश से जुड़े लेन-देन और कारोबारी संबंधों की जांच की जा रही है।
तीसरा मामला: तीसरी महिला के संबंध संदीप नागर के पूर्व पार्टनर के परिवार से बताए जा रहे हैं। पुलिस इस कनेक्शन और उससे जुड़े पुराने कारोबारी मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
हालांकि, इन तीनों मामलों को बंटी नागर की मौत से जोड़कर देखना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस के लिए फिलहाल ये जांच के संभावित एंगल हैं और इनके आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और बयान जुटाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: भोपाल मास्टर प्लान-2047 पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं, कारोबार से पर्यावरण तक हितधारकों ने रखी अपनी बात
निवेशकों में भी बढ़ी बेचैनी
बंटी नागर की मौत का असर उनके रियल एस्टेट कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। उनके प्रोजेक्ट में पैसा लगाने वाले निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि कुछ प्रोजेक्ट में प्लॉट की बुकिंग डायरी के माध्यम से की गई थी। ऐसे में निवेशक अब अपने बुकिंग रिकॉर्ड, भुगतान, प्लॉट की स्थिति और कारोबारी दस्तावेजों को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस भी यह समझने की कोशिश कर रही है कि बंटी नागर के कारोबार में कितने लोग जुड़े थे और अलग-अलग प्रोजेक्ट में किस तरह के वित्तीय लेन-देन हुए थे।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर की ग्राम पंचायतों में बड़े कारोबारी प्रतिष्ठानों से टैक्स वसूली पर सवाल, नोटिस तक सीमित कार्रवाई
मौत से पहले की हर कड़ी जोड़ रही पुलिस
फिलहाल पुलिस की जांच का फोकस तीन प्रमुख हिस्सों पर दिखाई दे रहा है।बंटी नागर की मौत से पहले की गतिविधियां, उनके मोबाइल और डिजिटल संपर्क तथा कारोबारी लेन-देन।परिजन के बयान, मोबाइल फोन की तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।



















