भारत-म्यांमार बॉर्डर पर अचानक फायरिंग, एक जवान शहीद; 4 घायल

अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की गश्ती टीम पर हमला हुआ। संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
सुबह करीब 6:30 बजे हुई फायरिंग
अधिकारियों के मुताबिक, हमला सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग नाला के पास हुआ। यहां 21 असम राइफल्स के जवान भारत-म्यांमार सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी इलाके में सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है। इसी दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने गश्ती दल पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी।
एक जवान की मौत, 4 घायल
हमले में 42 वर्षीय हवलदार जांखोकाई कूकी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। गोलीबारी में चार अन्य जवान भी घायल हुए हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उनकी स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
NSCN (K-YA) पर शक, आधिकारिक पुष्टि नहीं
प्रारंभिक जानकारी में हमले के पीछे NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों के होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक सुरक्षा एजेंसियों या असम राइफल्स ने हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान तेज कर दिया है और संदिग्ध उग्रवादियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाने के दिए निर्देश
चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने चांगलांग थाने के प्रभारी अधिकारी को मौके पर भेजकर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। भारत-म्यांमार सीमा से लगे चांगलांग जिले में पहले भी उग्रवादी संगठनों की गतिविधियां सामने आती रही हैं। सीमा के दोनों ओर सक्रिय समूहों की आवाजाही के कारण यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।




















