PU Special :मध्यप्रदेश में तलाक और मेंटेनेंस के लिए कपल रच रहे साजिश, फैमिली कोर्ट में सामने आए 18 मामले

कहीं पति को भूत बताकर मांगा तलाक, तो कहीं ननद को सौतन बताया। मेंटेनेंस से बचने के लिए फर्जी सैलरी स्लिप तक पेश की गई।
मध्यप्रदेश में तलाक और मेंटेनेंस के लिए कपल रच रहे साजिश, फैमिली कोर्ट में सामने आए 18 मामले
मेंटेनेंस के लिए कपल रच रहे साजिश।

पल्लवी वाघेला, भोपाल। शादी का रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंचे दंपती अब तलाक और भरण-पोषण की लड़ाई में ऐसी चालें चल रहे हैं, जो अदालतों को भी हैरान कर रही हैं। कहीं पति से छुटकारा पाने के लिए उसे भूत-प्रेत के साये में बताकर डर का हवाला दिया जा रहा है, तो कहीं तलाक हासिल करने के लिए सगी ननद को ही सौतन साबित कर दिया गया।

रिश्ते को खत्म करने फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तो दूसरी ओर, भरण-पोषण से बचने के लिए पति ने बेरोजगार पत्नी को नौकरीपेशा दिखाने और मोटी सैलरी मिलने के फर्जी दस्तावेज तक तैयार करा दिए।

मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों की फैमिली कोर्ट में इस साल ऐसे 18 मामले सामने आए हैं, जिनमें रिश्ते को खत्म करने या भरण-पोषण की जिम्मेदारी से बचने के लिए पति-पत्नी में से किसी एक ने दूसरे के खिलाफ कथित तौर पर साजिश रची।

बता दें, इनमें से अधिकांश मामलों में दंपति की शादी को दस साल से अधिक हो चुके हैं और जीवन के इस मोड़ पर वैवाहिक विवादों के बदलते स्वरूप और न्याय को चमका देने के प्रयास हैरान करने वाले हैं। हालांकि, कानून विशेषज्ञों का मानना है कि एक्का-दुक्का मामलों को छोड़ दें तो यह साजिश नाकाम ही रहती है और सच न्यायालय के सामने आ ही जाता है।

PU Special : भोपाल में बॉडी शेमिंग के कारण टूटने की कगार पर पहुंचा रिश्ता, पत्नी ने पति के गंजेपन और शक्ल-सूरत पर बनाए ताने; अमेरिका की नौकरी छोड़ने से भी थी नाराज

इन मामलों ने किया हैरान...

  1. भोपाल के एक मामले में पत्नी ने अदालत में कहा कि पति पर ऊपरी हवा का चक्कर है। भूत-प्रेत के कारण उसे पति से डर लगता है और वह उसके साथ नहीं रह सकती। उसने तलाक और भरण-पोषण दिलाने की गुहार लगाई। बाद में खुलासा हुआ कि वह अन्य प्रेम संबंध के फेर में आरोप लगा रही थी।
  2. चंबल क्षेत्र में पति ने भरण-पोषण से बचने अपने भाई और दोस्त की मदद से बेरोजगार पत्नी को कर्मचारी बता दिया। उसके नाम पर अच्छी-खासी सैलरी का रिकॉर्ड भी कोर्ट में पेश किया। हालांकि, फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया और दूसरे पक्ष पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
  3. इंदौर के कुटुंब न्यायालय में एक 73 वर्षीय महिला के पति ने उसे पत्नी मानने से इनकार करते हुए अपनी बहन बता दिया। महिला ने शादी और पत्नी होने से जुड़े दस्तावेज पेश किए। इसके बाद कोर्ट ने पति को पत्नी का दर्जा स्वीकार करने और भरण-पोषण देने के आदेश दिए।
  4. ग्वालियर में एक महिला ने पति की पारिवारिक फोटो को दूसरी शादी का सबूत बताकर एकतरफा तलाक हासिल कर लिया। दरअसल, विवाद के बाद महिला आठ साल से अलग रह रही थी। पति तलाक को तैयार नहीं था। ऐसे में पति की मां की मौत का फायदा उठा, पत्नी ने कोर्ट में फोटो पेश किया। फोटो में पति के साथ खड़ी उसकी सगी बहन को महिला ने दूसरी पत्नी बताया। फैमिली कोर्ट से एकतरफा तलाक की डिक्री मिलने के बाद पति ने हाईकोर्ट में चुनौती दी।

PU Special : भोपाल में ढाई साल की बेटी ने तुड़वाई तलाक की जिद, 'पापा' कहकर थामी उंगली तो भावुक हुआ पिता

न बनाएं हथियार

भोपाल फैमिली कोर्ट की काउंसलर शैल अवस्थी ने बताया कि वैवाहिक विवादों में कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल न्याय पाने के लिए होना चाहिए, न कि दूसरे पक्ष को परेशान करने या कानूनी जिम्मेदारी से बचने के हथियार के रूप में। फर्जी दस्तावेज पेश करना, गलत पहचान बताना या न्यायालय से तथ्य छुपाना गंभीर कानूनी परिणाम पैदा कर सकता है। 

अवस्थी ने कहा कि आजकल ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिनमें टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके फर्जी मेडिकल रिपोर्ट, एआई तस्वीरें आदि के जरिए दूसरे पक्ष को गलत साबित करने का प्रयास किया जाता है। ऐसे में कोशिश रहती है कि तथ्यों की पूरी जांच कर रिपोर्ट आगे बढ़ाएं।

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

शांत स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व के साथ खबरों की गहरी समझ। यही पहचान है जितेंद्र श्रीवास्तव की। पिछले...

Latest Posts