PU Special :डिप्रेशन से बचाव के लिए नवाचार; युवाओं को पढ़ा रहे 'आनंद का पाठ', अब कॉलेजों में बनेंगे ‘आनंद सर्किल’

मप्र में राज्य आनंद संस्थान ने युवाओं को तनाव, एंग्जायटी और डिप्रेशन से बचाने के साथ जीवन का लक्ष्य समझाने के लिए विशेष संवाद और काउंसिलिंग कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें 64 युवक-युवतियों को जीवन के उद्देश्य, कॅरियर, मानवीय मूल्य, रिश्तों और भावनात्मक संतुलन की जानकारी दी जा रही है। कॉलेजों में आगे भी संवाद जारी रखने के लिए आनंद सर्किल बनाए जाएंगे।
डिप्रेशन से बचाव के लिए नवाचार; युवाओं को पढ़ा रहे 'आनंद का पाठ', अब कॉलेजों में बनेंगे ‘आनंद सर्किल’

राजीव सोनी, भोपाल। देश में इन दिनों जेन-जी और यूथ ब्रिगेड के प्रति राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं की एकाएक दिलचस्पी बढ़ गई है। राज्य आनंद संस्थान ने भी युवाओं के साथ संवाद शुरू कर उन्हें अलमस्त व आनंदपूर्ण जीवन का लक्ष्य समझाने के अलावा कॅरियर के प्रति बेहतर समझ- डिप्रेशन से बचाव और आत्म बोध पर चर्चा का नवाचार शुरू किया है। कॉलेजों में बेहतर फॉलोअप के लिए आनंद सर्किल बनाने की कवायद शुरू की गई है।

समाज के प्रति जिम्मेदारी संबंधी टिप्स

संस्थान ने युवाओं के साथ सकारात्मक संवाद और संपर्क बढ़ाने के लिए वर्कशाप में काउंसिलिंग का सिलसिला भी शुरू किया है। विभिन्न जिलों के 64 युवक-युवतियों को दिलचस्प अंदाज में अलग-अलग सत्रों में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ जीवन का पाठ, विवाह, मानवीय मूल्य-संबंध, पारस्परिक विश्वास, आंतरिक प्रसन्नता, भावनात्मक संतुलन और समाज के प्रति जिम्मेदारी संबंधी बोध के टिप्स भी दे रहे है। 

टीचर्स को बता रहे युवाओं को तनाव से बाहर कैसे निकालें

विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस कार्यक्रम में सिर्फ बच्चों से संवाद और काउंसलिंग ही नहीं हो रही है, बल्कि कॉलेज के टीचर्स को भी इस बात के टिप्स दिए जा रहे हैं कि वे युवाओं को कैसे समझें और कैसे उन्हें तनाव से बाहर निकालें। कार्यक्रम में मौजूद गुजरात, महाराष्ट्र और भोपाल के विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं को अपनी जिज्ञासाएं और सवालों के समाधान भी चाहिए। भोपाल की काउंसिलिंग के बाद कॉलेजों में भी फॉलोअप के लिए 'आनंद सर्किल' गठित कर कुछ टीचर्स को तैयार किया जा रहा है। ताकि यह संवाद और काउंसलिंग का सिलसिला शैक्षणिक स्टाफ के साथ आगे भी चलता रहे।

ये भी पढ़ें: PU Special : वर्कप्लेस पर ‘हैप्पीनेस’ बढ़ाने की ट्रेनिंग भी दे रहा आनंद संस्थान पावर ग्रिड के अफसरों ने सीखे तनाव प्रबंधन के गुर

युवाओं के साथ कॅरियर से लेकर समाज और संबंधों पर भी चर्चा 

इस बारे में राज्य आनंद संस्थान के डायरेक्टर सत्यप्रकाश आर्य का कहना है कि युवाओं से संवाद शुरू कर उन्हें एंजायटी-डिप्रेशन और किंकर्तव्यविमूढ़ता से बाहतर निकालने के साथ जीवन का लक्ष्य समझाने का प्रयास है। करीब 500 शासकीय प्राध्यापकों को ट्रेनिंग दे चुके हैं। कॅरियर के प्रति स्पष्टता, परिवार और समाज के प्रति जवाबदेही पर भी युवाओं के साथ चर्चा हो रही है।

ऐसे कार्यक्रम लगातार चलाएं जाएं 

सेवढ़ा (दतिया) की असिस्टेंट प्रोफेसर दीक्षा त्यागी कहा कहना है कि मुझे व्यक्तिगत रूप से इस कार्यक्रम ने बेहद प्रभावित किया। मानव से मानव के संबंध-समझ, मान्यताएं-संवेदनाएं और सभी तरह के अंतर्द्वद्वों को समझने का मौका मिला। ऐसी ट्रेनिंग-काउंसिलिंग लगातार चलती रहे तो अच्छा है।

ये भी पढ़ें: आनंद संस्थान...करोड़ों का बजट, 8 साल में मात्र 2.5% लोगों को ही कर सका आनंदित

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts