हाईवे पर सियासी संग्राम: कांग्रेस का चक्काजाम, थमेगा NH-52

इंदौर - मध्य प्रदेश में आज कांग्रेस बड़ा सियासी प्रदर्शन करने जा रही है। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (NH-52) पर प्रदेशभर में 7 अलग-अलग स्थानों पर चक्काजाम किया जाएगा, जिससे हाईवे ट्रैफिक पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है। इस आंदोलन की शुरुआत इंदौर से सुबह 10:30 बजे पिगडंबर से होगी, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मौजूद रहेंगे।
यह भी देखें: पाकिस्तानी सर्टिफिकेट से इलाज का खेल बेनकाब- इंदौर में ‘फर्जी डिग्री’ डॉक्टरों पर शिकंजा ,32 डॉक्टरों पर गंभीर आरोप
कांग्रेस ने इस आंदोलन को किसान मुद्दों से जोड़ते हुए बड़े स्तर पर लामबंदी की है। इंदौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े के मुताबिक, यह प्रदर्शन सिर्फ इंदौर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में एक साथ किया जा रहा है। एबी रोड पर खासतौर से बड़े पैमाने पर चक्काजाम होगा, जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में किसान भी शामिल होंगे।
यह भी देखें: डामर-तेल महंगे: MP के ₹17 हजार करोड़ के हाईवे प्रोजेक्ट्स की रफ्तार धीमी, NHAI करेगा भरपाई
किसानों का आक्रोश, कांग्रेस का प्रदर्शन
पार्टी नेताओं का कहना है कि किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को लेकर सरकार संवेदनशील नहीं है। इसी के विरोध में यह चक्काजाम किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कई जगह किसानों को पीले चावल बांटकर आंदोलन में शामिल होने का न्योता भी दिया है।
ट्रैफिक पर असर, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। NH-52 पर चलने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।चार पहिया वाहनों को राऊ सर्कल, पीथमपुर, भंवरकुआ और विशालत चौराहा की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि भारी वाहनों के लिए उज्जैन, बदनावर, लेबड़ और महेश्वर-कसरावद मार्ग तय किए गए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और जाम वाले इलाकों से बचें, ताकि परेशानी से बचा जा सके।












