Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP By Election 2024 : बुधनी और विजयपुर में आज थम जाएगा चुनावी शोर, 13 नवंबर को होगा दोनों सीटों पर मतदान

Follow on Google News
MP By Election 2024 : बुधनी और विजयपुर में आज थम जाएगा चुनावी शोर, 13 नवंबर को होगा दोनों सीटों पर मतदान
भोपाल। मध्य प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों बुधनी और विजयपुर में 13 नवंबर को होने वाले मतदान के 48 घंटे पहले आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। दोनों विधानसभा क्षेत्रों सीहोर जिले के बुधनी और श्योपुर जिले के विजयपुर में 13 नवंबर को मतदान होना है। दोनों स्थानों पर परिणामों की घोषणा 23 नवंबर को होगी। सोमवार को0 चुनाव प्रचार थमने के साथ ही प्रत्याशी सिर्फ घर-घर जाकर संपर्क कर सकेंगे।

सीमाएं भी सील रहेंगी

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने दो दिन बाद होने वाले मतदान के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान के 48 घंटे पूर्व से मतदान समाप्ति तक शराब दुकानें बंद रहेंगी। दोनों ही स्थानों पर जिला कलेक्टर की ओर से प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए गए हैं। धर्मशाला, होटल पर पुलिस की नजर रहेगी और साथ ही सीमाएं भी सील रहेंगी। बाहरी लोगों को क्षेत्र छोड़ना होगा।

बुधनी में 20 तो विजयपुर में 11 प्रत्याशी मैदान में

सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा में मुख्य मुकाबला भाजपा के रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के राजकुमार पटेल के बीच है। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें दो महिलाएं भी हैं। वहीं श्योपुर जिले के विजयपुर में मुख्य तौर पर भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत और कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा चुनावी मैदान में हैं। इन दोनों समेत यहां से कुल 11 प्रत्याशी चुनावी समर में उतरे हैं।

इसलिए हो रहे दोनों सीटों पर चुनाव

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में विजयपुर सीट से कांग्रेस के रामनिवास रावत जीते थे। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। उन्हें इसके बाद राज्य में वन मंत्री बनाया गया। कुछ समय बाद उन्होंने विधानसभा से भी त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद विजयपुर विधानसभा सीट खाली हो गई और यहां उपचुनाव कराना पड़ा। वहीं बुधनी से 2023 का विधानसभा चुनाव राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जीते थे। बाद में लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने उन्हें सांसद पद का टिकट दिया, जिस पर जीत हासिल करने के बाद उन्हें केंद्र में मंत्री बनाया गया। इसके चलते उन्होंने बुधनी विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।

विजयपुर में 327 एवं बुधनी में 363 मतदान केंद्र

बैठक में दल पदाधिकारियों को बताया कि उप चुनाव के लिए 18 से 25 अक्टूबर तक नाम-निर्देशन पत्र भरे जाएंगे। नाम-निर्देशन पत्रों की समीक्षा 28 अक्टूबर को होगी और 30 अक्टूबर तक नाम-निर्देशन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 13 नवम्बर को एवं मतगणना 23 नवम्बर को होगी। वहीं चुनाव के लिए विजयपुर में 327 एवं बुधनी में 363 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

विजयपुर एवं बुधनी में मतदाता

  • विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 54 हजार 750 मतदाता, जिसमें 1,21,001 महिलाएं और 1,33,554 पुरुष शामिल हैं। वहीं 2 थर्ड जेंडर और 103 सर्विस वोटर्स हैं।
  • बुधनी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 76 हजार 591 मतदाता, जिसमें 1,33,280 महिलाएं और 1,43,111 पुरुष हैं। वहीं 06 थर्ड जेंडर और 194 सर्विस वोटर्स हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts