जन्माष्टमी को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट, मंदिरों से लेकर ट्रैफिक तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कटनी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना, धार्मिक कार्यक्रम, झांकियों और मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए हैं।
प्रमुख मंदिरों में पुलिस बल तैनात
जिले के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस कर्मचारियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी मंदिर परिसरों के साथ प्रवेश और निकास मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे। भीड़ का फायदा उठाकर होने वाली जेबतराशी, छीना-झपटी और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
CCTV से रखी जा रही ‘तीसरी आंख’ की नजर
जन्माष्टमी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थाई कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसरों, प्रमुख मार्गों और भीड़ वाले स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से भीड़ की स्थिति, संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आकस्मिक स्थिति की जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस टीम को तत्काल अलर्ट कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: थप्पड़ का बदला लेने नाबालिग ने किया सुपरवाइजर का मर्डर, CCTV ने खोला राज
यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर
जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालुओं की संख्या और सड़क पर यातायात की स्थिति के अनुसार आवश्यकतानुसार ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। मंदिरों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने या यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि श्रद्धालुओं के साथ आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी न हो।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सत्य नारायण मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधों की जानकारी ली। एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहने को कहा।
ये भी पढ़ें: हरसूद में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, यदुवंशी स्वाभिमान वाहन रैली ने खींचा ध्यान
कटनी पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
कटनी पुलिस ने जिले के श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शांतिपूर्वक और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा है। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन, पर्स, आभूषण और अन्य कीमती सामान संभालकर रखने की सलाह दी है। अभिभावकों से छोटे बच्चों को अपने साथ रखने और उन्हें भीड़ में अकेला नहीं छोड़ने की अपील की गई है। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी अथवा पुलिस को देने की अपील की गई है।




















