‘मैं हमेशा लॉयल रही...’ मौत से पहले युवती का आखिरी मैसेज, बॉयफ्रेंड को कही ये बात, भोपाल में युवती ने लगाई फांसी

भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार रात 22 साल की वैशाली की मौत हो गई। घटना के बाद सामने आया उसका आखिरी व्हाट्सएप मैसेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गया है। मौत से पहले वैशाली ने अपने बॉयफ्रेंड अतुल को मैसेज किया था, जिसमें उसने अपने रिश्ते और पैसों का जिक्र किया।
कटनी की रहने वाली थी वैशाली
वैशाली मूल रूप से कटनी की रहने वाली थी और भोपाल में किराए के मकान में रह रही थी। उसने बीकॉम तक पढ़ाई की थी। वह एक साड़ी शोरूम में नौकरी करती थी और इवेंट्स में एंकरिंग भी करती थी। पुलिस के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और कटनी स्थित अपने घर चली गई थी। इसके बाद 2 सितंबर को वह वापस भोपाल आई थी।
मां ने बताया- तनाव में थी
पुलिस ने वैशाली की मां के बयान दर्ज किए हैं। मां रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं, जबकि वैशाली के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार की वह इकलौती बेटी थी। प्रारंभिक जानकारी में मां ने बताया कि वैशाली तनाव से परेशान थी। परिवार ने यह भी बताया कि उसे माइग्रेन की समस्या थी। हालांकि, उसकी मौत की असली वजह अभी साफ नहीं है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर के राष्ट्रीय लोक अदालत में पारिवारिक वादों का निराकरण, समझाइश के बाद विवाद समाप्त खत्म
आखिरी मैसेज की भी जांच
जांच में सामने आया कि घटना से पहले वैशाली ने अतुल को व्हाट्सएप पर मैसेज किया था। इसमें उसने खुद को हमेशा लॉयल रहने की बात कही और अतुल से धोखा नहीं देने को कहा था। अब पुलिस अतुल से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। वैशाली का आखिरी मैसेज, ‘सॉरी यार, मैंने तुम्हारे साथ बहुत गलत किया है। हो सके तो प्लीज माफ कर देना। आई लव यू। आज तुमसे सभी चीजें खत्म कर रही हूं, बाय। अपना गुस्सा ठीक कर लेना, प्लीज। सॉरी यार, मैं ऐसा कुछ कर रही हूं। मेरे पास और कोई ऑप्शन नहीं था। बाकी मैंने कभी धोखा नहीं दिया…’
मोबाइल से खुलेगा कई सवालों का जवाब
पुलिस ने वैशाली का मोबाइल जब्त कर लिया है। फोन से व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और दूसरी डिजिटल जानकारी खंगाली जाएगी। इससे पता लगाने की कोशिश होगी कि घटना से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी और उसकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह तो नहीं थी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।




















