Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मुरैना में तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कॉन्स्टेबल को कुचला, ग्वालियर ले जाते समय मौत

मध्य प्रदेश के मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी को कुचल दिया। ग्वालियर ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया।
मुरैना में तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कॉन्स्टेबल को कुचला, ग्वालियर ले जाते समय मौत
तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कॉन्स्टेबल को कुचला

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने एक पुलिस कॉन्स्टेबल को टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी की ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया लेकिन पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा कर नूराबाद के पास उसे पकड़ लिया। वाहन में सब्जियां भरी हुई थीं।

वाहन चेकिंग के दौरान हुआ हादसा

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव के मुताबिक बुधवार को वे आठ पुलिसकर्मियों के साथ जनकपुर गांव में झगड़े से जुड़े एक मामले में दबिश देने गए थे। वहां से लौटने के बाद शाम को पुलिस टीम नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। तभी मुरैना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया।

जिला अस्पताल से ग्वालियर किया गया रेफर

हादसे के बाद साथी पुलिसकर्मी घायल ओमप्रकाश तिवारी को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। हालांकि ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही ओमप्रकाश तिवारी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

सागर में भीषण एक्सीडेंट: चार्टर्ड बस और कार की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत

12 किलोमीटर पीछा कर चालक को पकड़ा

हादसे के बाद लोडिंग वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी उदयभान यादव ने पुलिस टीम के साथ वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद नूराबाद के पास वाहन को घेर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में शामिल लोडिंग वाहन का नंबर UP 80 HP 5447 है। वाहन में सब्जियां भरी हुई थीं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जशपुर में जादू-टोने के शक में 68 वर्षीय बुजुर्ग की बोलेरो से कुचलकर हत्या,मुख्य आरोपी गिरफ्तार

2018 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे ओमप्रकाश

कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले थे। वे 30 मई 2018 को पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और मुरैना के सिविल लाइन थाने में पदस्थ थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता तिवारी, 19 वर्षीय बेटा आदित्य और 15 वर्षीय बेटी राधिका हैं। ओमप्रकाश तिवारी का अंतिम संस्कार ग्वालियर में किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे में उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts