मानसून ने फिर बदला मिजाज! 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नई दिल्ली। मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 3 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, असम और केरल समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज गरज के साथ बारिश और आंधी चल सकती है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। खराब मौसम के दौरान पेड़ गिरने, जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी परेशानी सामने आ सकती है।
दिल्ली-NCR में बारिश के साथ तेज हवा
राजधानी दिल्ली में आज भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी बढ़ सकती है।
यूपी के 67 जिलों में मौसम का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा काफी बड़ा है। राज्य के 67 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मथुरा और आगरा समेत 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। अयोध्या, मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर, उन्नाव, सुल्तानपुर और वाराणसी समेत कई इलाकों में आंधी और बारिश का असर दिख सकता है। खराब मौसम के चलते कुछ जिलों में स्कूल भी बंद रखने का फैसला लिया गया है।
ये भी पढ़ें: अभिनंदन ने एयरफोर्स को कहा अलविदा? 2019 में पाकिस्तान को दिया था करारा जवाब, अब नई पारी पर सबकी नजर
बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा
बिहार में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रदेश के 13 जिले बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। आठ नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। गोपालगंज, गया, सुपौल, दरभंगा, भागलपुर और मधुबनी समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।
MP में दो जिलों के लिए रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून सिस्टम मजबूत बना हुआ है। नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। छतरपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी और बैतूल में ऑरेंज अलर्ट है। इन इलाकों में 24 घंटे के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। भोपाल में भी बादल और बारिश का असर बना रह सकता है।
पहाड़ों पर बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल में बारिश के बाद 175 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कालका-शिमला फोरलेन पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उत्तराखंड के चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी और पौड़ी समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी है।
राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून
राजस्थान में मानसून ब्रेक के बाद बारिश का दौर दोबारा शुरू हो गया है। जयपुर, भरतपुर, धौलपुर और करौली के कई हिस्सों में बारिश हुई है। अजमेर, जैसलमेर, टोंक, चूरू, सीकर और बीकानेर जैसे क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
ये भी पढ़ें: पंजाब की वोटर लिस्ट से राघव चड्ढा का नाम गायब! आगे लिखा ‘Permanently Shifted’, अब मचा सियासी बवाल
समुद्र में न जाने की सलाह
ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवा और समुद्र में उठती ऊंची लहरों के बीच मछुआरों से मौसम सामान्य होने तक समुद्र में नहीं जाने को कहा गया है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम की जानकारी लेते रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।



















