Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में सराफा चौपाटी पहुंची मोहन कैबिनेट, भुट्‌टे के कीस का उठाया लुत्फ, राजवाड़ा पर चित्र प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

Follow on Google News
इंदौर में सराफा चौपाटी पहुंची मोहन कैबिनेट, भुट्‌टे के कीस का उठाया लुत्फ, राजवाड़ा पर चित्र प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा में प्रदेश कैबिनेट बैठक आज होने वाली हैं। इस ऐतिहासिक बैठक से एक दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ इंदौर पहुंचे और विभिन्न सांस्कृतिक व विकासपरक आयोजनों में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देवी अहिल्या की जीवनगाथा पर आधारित नाटक देखा, विकास योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और सराफा चौपाटी पर इंदौरी व्यंजनों का आनंद भी लिया।

राजवाड़ा पर चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनता पार्टी इंदौर द्वारा राजवाड़ा पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के विकासात्मक निर्णयों को दृश्य रूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी को जनता के लिए विशेष रूप से एयर कूल्ड पंडाल में आयोजित किया गया है, जिससे गर्मी के मौसम में भी लोग आसानी से प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकें। प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, रोजगार, समाज कल्याण और अधोसंरचना विकास जैसे विषयों को विशेष स्थान दिया गया है। देवी अहिल्या बाई को सुशासन की प्रतीक मानते हुए उनके चित्रों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

लता मंगेशकर सभागृह में नाट्य मंचन का आयोजन

राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल ने विश्व मांगल्य सभा द्वारा प्रस्तुत नाटक “राष्ट्र समर्था देवी अहिल्या की पुण्य गाथा” का मंचन देखा। यह नाटक देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन के विविध पहलुओं जैसे नारी सशक्तिकरण, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जन कल्याण के कार्यों पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने इस नाटक को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे आमजन को देवी अहिल्या के कार्यों और मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा-

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि देवी अहिल्या सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, नारी सशक्तिकरण और सुशासन की जीती-जागती मिसाल हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कुशलता से राज्य का संचालन किया और जनकल्याण के अद्वितीय कार्य किए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं भी देवी अहिल्या की 300वीं जयंती के उत्सव में भोपाल में शामिल होने वाले हैं। डॉ. यादव ने कहा कि कैबिनेट बैठक में देवी अहिल्या की दूरदृष्टि से प्रेरित होकर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे।

सराफा चौपाटी पर इंदौरी स्वाद का आनंद

इंदौर यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रात्रि में प्रसिद्ध सराफा चौपाटी पर पहुंचकर इंदौरी व्यंजनों का आनंद लिया। उन्होंने वहां मौजूद आम जनता से बातचीत भी की और स्थानीय संस्कृति का अनुभव साझा किया।

महिला मोर्चा द्वारा सम्मान समारोह

देवी अहिल्या की त्रिशताब्दी वर्ष में मुख्यमंत्री द्वारा स्त्री सशक्तिकरण के प्रयासों को देखते हुए भाजपा महिला मोर्चा द्वारा डॉ. मोहन यादव का राजवाड़ा पर भव्य सम्मान किया गया। महिला नेत्रियों ने देवी अहिल्या के चित्र की प्रतिकृति भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि यह निर्णय स्त्री शक्ति को समर्पित प्रदेश सरकार की नीति को दर्शाता है। ये भी पढ़ें- इंदौर : 80 साल बाद राजवाड़ा में फिर सजेगा लोकतंत्र का दरबार, CM डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होगी कैबिनेट बैठक
Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts