मंत्री विजय शाह के फिर बिगड़े बोल-कहा, लाड़ली बहना सीएम के सम्मान में नहीं आईं तो होगी जांच, BJP में हो सकती है पेशी

अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रहने वाले मप्र के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने रतलाम में कहा कि जो लाड़ली बहना मुख्यमंत्री के सम्मान कार्यक्रम में नहीं आएंगी, उनकी जांच कराई जाएगी। इस बयान के बाद भाजपा संगठन उनकी क्लास ले सकता है।
कहा, लाड़ली बहना सीएम के सम्मान में नहीं आईं तो होगी जांच, BJP में हो सकती है पेशी
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। विवादित बयान देने वाले मंत्री कुंवर विजय शाह ने रतलाम में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान लाड़ली बहना योजना को लेकर दिया बयान दिया है। यह बयान एक तरह की धमकी माना जा रहा है। बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार लाड़ली बहनों को करोड़ों रुपए की सहायता दे रही है, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए। मंत्री ने यह भी कहा कि जो महिलाएं कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर दी जाएगी।

    कम से कम 50 हजार महिलाएं आएं

    बैठक के दौरान मंत्री शाह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी से जिले में पंजीकृत लाड़ली बहनों की संख्या पूछी। अधिकारी ने बताया कि जिले में लगभग ढाई लाख महिलाओं का इस योजना में रजिस्ट्रेशन है। इस पर मंत्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं, ढाई लाख में से और कम से कम 50 हजार तो आएं। सरकार 1500 रुपए के हिसाब से करोड़ों दे रही है, तो दो साल में एक बार धन्यवाद देना तो बनता है।  को सम्मान समारोह में उपस्थित होना चाहिए।

    1500 रुपए दे रहे, धन्यवाद देना जरूरी है

    मंत्री शाह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो महिलाएं कार्यक्रम में नहीं आएंगी, फिर देखते हैं। जिनके ढाई-ढाई सौ बढ़ रहे हैं उनकी जांच करेंगे। किसी का आधार लिंक नहीं है तो जांच पेंडिंग कर देंगे।

    संगठन मांग सकता है जवाब

    सूत्रों की खबर है कि शाह के इस बयान के बाद भाजपा प्रदेश संगठन उन्हें तलब कर सकता है। माना जा रहा है कि उन्हें वरिष्ठ पदाधिकारियों के सामने स्पष्टीकरण देना पड़ सकता है। इस मामले में कांग्रेस ने भी मंत्री शाह पर हमला बोला है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा है कि मंत्री शाह ने लाड़ली बहनाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे बयानों के बाद भी शाह पर कोई कार्रवाई नहीं करती।

    पहले भी दिए विवादित बयान

    मंत्री विजय शाह इससे पहले इंदौर के महू में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुके हैं। उस बयान में उन्होंने कहा था कि जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हीं की बहन भेजकर जवाब दिलवाया। इसके अलावा वर्ष 2013 में वह तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह पर भी अभद्र टिप्पणी के कारण विवादों में आ चुके हैं। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts