Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तंत्र-मंत्र वाला इत्र छिड़ककर वशीकरण: अशोकनगर में छात्राओं पर इत्र छिड़ककर प्रेमजाल में फंसाने वाले बॉडी बिल्डर को पुलिस ने दबोचा

आरोपी युवक पहले जिम में बॉडी बनाता, फिर तंत्र-मंत्र वाला इंत्र अपने पर लगाता और छात्राओं पर छिड़कने के लिए वैन का पीछा करता
अशोकनगर में छात्राओं पर इत्र छिड़ककर प्रेमजाल में फंसाने वाले बॉडी बिल्डर को पुलिस ने दबोचा
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    अशोकनगर। वह रोज जिम जाता और फिर तैयार होकर अपने शरीर पर इत्र पोतने के बाद बाइक पर नियत समय पर छात्राओं की वैन का पीछा करके अभिमंत्रित इत्र छिड़कता था। ताकि इत्र सूंघने के बाद वशीकरण का शिकार होने वाली छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाया जा सके। हालांकि इत्र छिड़कने के बाद भी कोई लड़की तो नहीं आई, बल्कि पुलिस आ गई और टांग ले गई।  यह अजीबोगरीब मामला है अशोकनगर का, जहां पुलिस ने छात्राओं पर वशीकरण करने वाले इत्र का छिड़काव करने वाले आरोपी युवक को घेराबंदी करके धर दबोचा। इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी को कोर्ट के आदेश से जेल भेज दिया गया है। इस बारे में कोतवाली थाना निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि इस मामले की सूचना नाबालिग छात्राओं के अभिभावकों ने दी। चूंकि मामला नाबालिग छात्राओं से जुड़ा था, ऐसे में पुलिस ने बेहद सतर्कता और गोपनीयता बरतते हुए कार्रवाई की।

    स्कूली पढ़ाई के बाद तंत्र-मंत्र के फेर में आया बॉडी बिल्डर

    आरोपी विशाल रघुवंशी उम्र 22 साल नजदीकी सावन गांव का निवासी है, जिसने 11वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद 12वीं की पढ़ाई पूरी नहीं कर सका। आरोपी युवक मोटर साइकिल से अपने गांव से अशोकनगर आता था, जहां जिम जाता था। अशोकनगर में उसका ठिकाना भी है, जहां वह रुकता था। आरोपी ने जादू-टोना करके लड़कियों को फंसाने के लिए अजीब-अजीब क्रियाएं करने लगा। इसी दौरान सड़कों पर फेरी लगाकर टोना-टोटका करने और हर बिगड़ा काम बनाने का दावा करने वाले किसी बाबा से मिला। इससे एक इत्र की शीशी खरीदी थी। इसी इत्र को छात्राओं पर छिड़कता था। 

    पुलिस की टीमों ने घेराबंदी करके इत्र छिड़कते हुए पकड़ा

    नाबालिग छात्राओं के अभिभावकों की शिकायत के बाद बिना वर्दी वाली पुलिस टीमों ने रास्ते पर घेराबंदी की। इसके बाद जैसे ही छात्राओं की वैन के पीछे आरोपी युवक मोटर साइकिल पर आया और इत्र छिड़कने की कोशिश की, वैसे ही सलूजा टावर के पास छात्राओं से इशारा पाकर पुलिस टीमों ने घेर कर पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी की तलाशी ली गई तो एक तेज गंध वाली इत्र की शीशी और एक धार्मिक किताब मिली। आरोपी के थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसमें खुलासा हुआ कि आरोपी को तंत्र-मंत्र का शौक था और इसी के चलते एक बाबा से अभिमंत्रित इत्र खरीदा था। हालांकि इस करतूत की भनक लगने पर पुलिस ने घेराबंदी की और अभिमंत्रित इत्र के साथ धरदबोचा।

    गले और हाथ में पहनता है आरोपी कई तरह की मालाएं

    जांच में सामने आया कि आरोपी युवक हाथ और गले में कई तरह की मालाएं पहनता है, जोकि छात्राओं की वैन का पीछा करते हुए अश्लील और अजीब हरकतें करता था। लगातार गंदी हरकतों से परेशान नाबालिग छात्राओं ने जब यह बातें अपने परिवार को बतार्इं, तब यह मामला पुलिस तक पहुंचा और कार्रवाई हो सकी। अब पुलिस यह पता करने में जुटी है कि आखिर वह बाबा कौन था जो वशीकरण वाला इत्र बेचता है। 

    जांच हो रही है ताकि पता चले कि तंत्र-मंत्र में कौन-कौन शामिल

    जांच हो रही है। ताकि पता चल सके कि तंत्र मंत्र और वशीकरण करने के पीछे कौन-कौन हैं, जिनसे आरोपी यह सीख कर करने लगा था। साथ ही स्कूलों से लेकर छात्राओं के आने-जाने के रास्ते पर भी पुलिस निगरानी कर रही है, ताकि गलत हरकत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। 
    राजीव कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, जिला अशोकनगर 

    Vijay S. Gaur
    By Vijay S. Gaur

    विजय एस. गौर, पीपुल्स समाचार में रीजनल एडीटर हैं। साथ ही राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, खेती-किसानी,...

    Latest Posts