Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

न्यूयॉर्क में बड़ा हादसा : ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नौसेना का जहाज 'कुआउतेमोक', 19 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर

Follow on Google News
न्यूयॉर्क में बड़ा हादसा : ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नौसेना का जहाज 'कुआउतेमोक', 19 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर
वॉशिंगटन DC। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक बड़ा हादसा उस वक्त हुआ जब मेक्सिकन नौसेना का एक बड़ा प्रशिक्षण जहाज 'कुआउतेमोक' ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। यह हादसा शनिवार शाम उस समय हुआ जब जहाज ईस्ट रिवर से गुजर रहा था और ब्रुकलिन ब्रिज के नीचे से निकलने की कोशिश कर रहा था।

मस्तूल ब्रिज से टकराया, 19 लोग घायल

हादसे में जहाज का ऊपरी मस्तूल ब्रिज से टकरा गया, जिससे जहाज को भारी नुकसान पहुंचा। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने जानकारी दी कि इस हादसे में 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट और पुलिस विभाग ने पुष्टि की है कि उन्होंने घायलों को मौके पर ही प्राथमिक इलाज मुहैया कराया और राहत कार्य चलाया।

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जहाज का विशाल ब्रिज से टकराकर टूटता है और उसके कुछ हिस्से जहाज के डेक पर गिरते हैं। इसके बाद जहाज एक ओर झुकता हुआ नदी के किनारे की ओर बढ़ता है। इस दौरान किनारे पर मौजूद लोगों को डर के मारे भागते देखा जा सकता है।

जहाज पर सवार थे 277 लोग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रेनिंग जहाज पर उस समय 277 लोग सवार थे। 'कुआउतेमोक' जहाज मैत्री और प्रशिक्षण यात्रा के तहत न्यूयॉर्क आया था। यह 15 देशों के 22 बंदरगाहों पर रुकने की योजना के तहत निकला था। जहाज 6 अप्रैल को मेक्सिको के अकापुल्को बंदरगाह से रवाना हुआ था। इसकी कुल यात्रा 254 दिनों की थी जिसमें 170 दिन समुद्र में और 84 दिन बंदरगाहों पर बिताने की योजना थी।

दुर्घटना के चलते आगे की यात्रा स्थगित

मेक्सिकन नेवी ने पुष्टि की है कि, जहाज को इस दुर्घटना में नुकसान पहुंचा है और अब इसकी यात्रा को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। नौसेना ने कहा कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर घटना की पूरी जांच कर रहे हैं और सभी कर्मियों और उपकरणों की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। नौसेना ने यह भी दोहराया कि वह अपने कैडेट्स को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की ट्रेनिंग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘कुआउतेमोक’ का इतिहास

‘कुआउतेमोक’ एक ऐतिहासिक प्रशिक्षण जहाज है जिसे पहली बार 1982 में समुद्र में उतारा गया था। यह जहाज हर साल मेक्सिकन नेवल मिलिट्री स्कूल के कैडेट्स को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए समुद्री यात्रा पर भेजा जाता है। इसका आकार लगभग 297 फीट लंबा और 40 फीट चौड़ा है।

सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद न्यूयॉर्क की इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (NYCEM) और मेक्सिकन नेवी दोनों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह सवाल भी उठ रहा है कि ब्रुकलिन ब्रिज जैसे व्यस्त और ऐतिहासिक पुल के नीचे से इस तरह का विशाल जहाज कैसे गुजरने दिया गया। फिलहाल सभी घायल सुरक्षित बताए जा रहे हैं और राहत कार्य जारी है। ये भी पढ़ें- अमेरिका के दो दक्षिणी राज्यों में तूफान से 20 से अधिक लोगों की मौत, कई घायल, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts