Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नॉर्थ मैसेडोनिया के नाइट क्लब में भीषण आग, 50 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल, 1500 लोग थे मौजूद

नॉर्थ मैसेडोनिया के नाइट क्लब में भीषण आग, 50 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल, 1500 लोग थे मौजूद
स्कोप्जे। यूरोपीय देश नॉर्थ मैसेडोनिया के कोकानी शहर में शनिवार रात एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब नाइट क्लब में लोकप्रिय हिप-हॉप जोड़ी ADN का म्यूजिक कॉन्सर्ट चल रहा था।

हिप-हॉप कॉन्सर्ट के दौरान हुआ हादसा, 1500 लोग थे मौजूद

कोकानी शहर की आबादी लगभग 30,000 है, शनिवार रात ADN हिप-हॉप कॉन्सर्ट की मेजबानी कर रहा था। इस प्रोग्राम को देखने के लिए करीब 1500 लोग क्लब में इकट्ठा हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रोग्राम के दौरान किसी ने आतिशबाजी की, जिससे क्लब के अंदर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरे क्लब में आग फैल गई और भगदड़ मच गई।

भगदड़ में कई लोग कुचले गए

आग लगते ही अंदर मौजूद लोग घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। क्लब के छोटे दरवाजों के कारण भगदड़ मच गई और कई लोग कुचलकर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि क्लब में अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह हादसा और भयावह हो गया। कई लोगों की धुएं में दम घुटने से मौत हो गई।

प्रधानमंत्री बोले- देश के लिए यह बहुत मुश्किल दिन

नॉर्थ मैसेडोनिया के प्रधानमंत्री ह्रीस्टिजान मिकोस्की ने इस दर्दनाक घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "नॉर्थ मैसेडोनिया के लिए यह एक कठिन और बहुत दुखद दिन है। इतने सारे युवाओं की दुखद मौत की कभी भरपाई नहीं हो सकती है। सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ितों की तकलीफ कम करने की हर संभव कोशिश करेगी।"

घायलों को स्कोप्जे और अन्य शहरों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया

सरकार ने बताया कि घायलों को देश की राजधानी स्कोप्जे सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण स्वयंसेवी संगठनों की भी मदद ली जा रही है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद एक व्यक्ति गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, हालांकि अभी तक उसके बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि क्या क्लब में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। ये भी पढ़ें- सर्बिया में सरकार के खिलाफ व्यापक प्रदर्शन, रेलवे स्टेशन हादसे में न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लाखों लोग, लगभग 3.5 लाख लोग हुए इकट्ठा
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts