Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Manipur Violenc : जिरीबाम में तीन शव मिलने के बाद इंफाल घाटी में लोगों ने किया प्रदर्शन, गृह मंत्रालय ने दिए शांति बहाली के निर्देश

Follow on Google News
Manipur Violenc : जिरीबाम में तीन शव मिलने के बाद इंफाल घाटी में लोगों ने किया प्रदर्शन, गृह मंत्रालय ने दिए शांति बहाली के निर्देश
इंफाल/गुवाहाटी। मणिपुर के जिरीबाम जिले में तीन लोगों के शव बरामद होने के बाद इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। मणिपुर-असम सीमा पर जिरी नदी एवं बराक नदी के संगम के पास तीन शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों को संदेह है कि ये शव जिरीबाम जिले से लापता हुए 6 लोगों में से तीन के हैं। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों में अधिकतर महिलाएं थीं। उन्होंने इंफाल पश्चिम जिले के क्वाकेथेल क्षेत्र और सागोलबंद तेरा में वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए टायर जलाकर मुख्य सड़कों को अवरूद्ध कर दिया। वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मणिपुर में हिंसा की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा बलों को व्यवस्था बनाए रखने तथा शांति बहाली के लिए जरूरी कदम उठाने और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित

पुलिस ने बताया कि मणिपुर के मुख्य बाजार ख्वाइरामबंद में महिला विक्रेताओं ने इस घटना के विरोध में रैली निकाली, जबकि इंफाल में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। जिरीबाम में तीन शवों के बरामद होने की खबर जैसे ही फैली तो लोगों ने दुकानें और बाजार बंद कर दिए। बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग और इंफाल पूर्व जिले के लामलोंग में भी स्थानीय लोगों ने इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया। राज्य सरकार ने पहले ही शनिवार को स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है।

महिला और दो बच्चों के शव बरामद

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मणिपुर-असम सीमा पर जिरी नदी एवं बराक नदी के संगम के पास शुक्रवार रात एक महिला और दो बच्चों के शव बरामद किए गए। ऐसा संदेह है कि ये शव जिरीबाम जिले से लापता 6 लोगों में से तीन के हैं। इन तीन शवों को असम के सिलचर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (एसएचसीएच) लाया गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया। जिरीबाम जिले में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच सोमवार को मुठभेड़ हुई थी जिसके बाद से राहत शिविर में रहने वाली तीन महिलाएं और तीन बच्चे लापता हो गए थे। मेइती संगठनों ने आरोप लगाया था कि भागते वक्त उग्रवादियों ने ही उनका अपहरण किया है वहीं पुलिस ने कहा था कि लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

गृह मंत्रालय ने कहा- शांति बनाए रखें

गृह मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि पिछले कुछ दिनों से मणिपुर में सुरक्षा परिद्दश्य नाजुक बना हुआ है। संघर्ष में दोनों समुदायों के सशस्त्र उपद्रवी हिंसा में लिप्त रहे हैं, जिससे दुर्भाग्यवश लोगों की जान चली गई और सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हुई। सभी सुरक्षा बलों को व्यवस्था और शांति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। मंत्रालय ने कहा है कि हिंसक और विघटनकारी गतिविधियों में शामिल होने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी। प्रभावी जांच के लिए महत्वपूर्ण मामले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दिए गए हैं। मंत्रालय ने जनता से अपील की है कि वह शांति बनाए रखें, अफवाहों पर विश्वास न करें और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करें।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts