🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

माखननगर में स्टेट हाईवे पर वेयरहाउस के सामने किसानों ने किया चक्काजाम, फंसी रही एम्बुलेंस

माखननगर के मीनेष वेयरहाउस में मूंग तुलाई शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने 40 मिनट तक स्टेट हाईवे पर चक्काजाम किया। निरीक्षण में प्रवेश मार्ग पर स्टैक लगे होने से तुलाई बाधित होने की बात सामने आई। प्रशासन ने तत्काल स्टैक हटाने और अगले दिन से खरीदी शुरू कराने के निर्देश दिए। चक्काजाम के दौरान एंबुलेंस सहित कई वाहन जाम में फंस गए।
Follow on Google News
माखननगर में स्टेट हाईवे पर वेयरहाउस के सामने किसानों ने किया चक्काजाम, फंसी रही एम्बुलेंस
माखननगर में किसानों ने चक्काजाम किया

सोहागपुर / माखननगर। मूंग तुलाई शुरू नहीं होने एवं केंद्र पर व्याप्त अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने स्टेट हाइवे स्थित माखननगर के मीनेष वेयरहाउस के सामने 40 मिनट तक चक्काजाम रखा। स्टेट हाईवे पर जाम लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन,तहसीलदार सुनीता साहनी, नायब तहसीलदार सुनील गढ़वाल एवं पटवारी आदित्य सिंह सहित पुलिस कर्मियों ने आक्रोशित किसानों से चर्चा की। किसानों ने अधिकारियों को मीनेष वेयरहाउस पर व्याप्त व्यवस्थाओं में सुधार करने एवं मूंग तलाई का काम शीघ्र ही शुरू कराने की मांग की। किसानों ने अधिकारियों से उन किसानों की मूंग तुलाई करवाने की मांग भी की। जिनके स्लॉट की अवधि समाप्त हो चुकी है।

अन्य वेयरहाउस को केंद्र बनाने की मांग

प्रदर्शन कर रहे किसान तुलाई हेतु किसी अन्य खाली वेयरहाउस को केंद्र बनाने की मांग भी करते हुए दिखाई दिए। तहसीलदार ने किसानों की बात सुनने के बाद मीनेष वेयरहाउस का अंदर से निरीक्षण किया। दरअसल इस वेयरहाउस में जाने के लिए एकमात्र रैंप है। जहां से ट्रैक्टर ट्राली सीधे वेयरहाउस के अंदर जा सकते हैं। लेकिन एप्रोच के सामने पूर्व से ही स्टैक लगा होने के कारण ट्रैक्टर ट्राली के अंदर प्रवेश करने का मार्ग बंद था। जिसके कारण तुलाई शुरू नहीं हो पा रही थी इस बात से किसान नाराज थे। किसानों को कहना था कि अधिकारियों को पहले वेयरहाउस का भौतिक निरीक्षण करना चाहिए था उसके बाद मूंग तुलाई हेतु केंद्र बनाना चाहिए था। लेकिन अधिकारियों ने केंद्र का बगैर निरीक्षण करे उसे केंद्र बना दिया। हालांकि देखने में यह भी पाया कि एप्रोच को छोड़ दें तो अंदर की ओर वेयरहाउस काफी खाली था। जहां पर तुलाई की व्यवस्था प्रशासन ने की है।

/img/89/1786028016080

एप्रोच सुचारु करने के निर्देश

वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति बाबई (माखन नगर) के द्वारा आदि देव वेहार हाउस पर समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदने का काम किया जा रहा था। समिति प्रबंधक श्वेता ने बताया कि आदि देव वेयरहाउस के फुल होने के बाद मूंग तुलाई हेतु शेष किसानों को मीनेष वेयरहाउस शिफ्ट किया गया है। कुछ किसानों को टोकन भी वितरित कर दिए गए थे। लेकिन अप्रोच नहीं होने के कारण तुलाई शुरू नहीं हो सकी। जिससे किसान नाराज थे। तहसीलदार ने ट्रैक्टर ट्राली की एप्रोच को सुचारु करने हेतु तत्काल स्टैक को हटाने के निर्देश दिए उन्होंने समिति प्रबंधक एवं वेयरहाउस प्रबंधक को स्टैक हटाने का काम तत्काल शुरू करने एवं उक्त काम में मजदूर बढ़ाने के निर्देश दिए तहसीलदार ने यहां तक कहा कि भले ही पूरी रात लग जाए लेकिन स्टैक हट जाना चाहिए। जिससे केंद्र के अंदर ट्रैक्टर ट्राली ले जाने का मार्ग बन जाए और किसने की मूंग उपज की तुलाई सुबह से शुरू की जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वेयरहाउस के कर्मचारियों ने मूंग तुलाई की अवधि को दिन एवं रात्रि के समय में भी समय बढ़ाकर सुचारू रखने का आश्वासन दिया। जिसके बाद किसान चक्काजाम खोलने पर राजी हुए।

चक्काजाम के दौरान फंसी रही एंबुलेंस

किसानों द्वारा मीनेष वेयरहाउस के सामने किए गए चक्का जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई जिसमें एम्बुलेंस के साथ मरीजों को निजी साधन से अस्पताल ले जा रहे कुछ वाहनों सहित किसी अंत्येष्टि में सम्मिलित होने नर्मदापुरम जा रहे कई लोग फंसे रहे। यहां किसानों ने केंद्र के सामने ट्रैक्टर ट्राली एवं स्वयं के कार जैसे वाहनों को सड़क पर खड़ा कर दिया था। जिससे कोई भी वाहन आगे नहीं निकल सके। निजी साधन से मरीजों को इलाज हेतु अस्पताल ले जा रहे लोगों ने किसानों द्वारा सड़क पर खड़ी की गई कार एवं ट्रैक्टर ट्राली को अमानवीय बताते हुए कहा कि चक्काजाम तो ठीक है। लेकिन सड़क पर स्वयं के वाहनों को आड़ा तिरछा खड़ा करना ठीक नहीं है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में किसी भी वाहन को पार नहीं कराया जा सकता। किसानों को चक्का जाम एवं धरना प्रदर्शन जैसे क्रियाकलाप के दौरान मेडिकल इमरजेंसी को भी समझना चाहिए।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

icon

Latest Posts