मैहर में बेटे को पीठ पर बांधकर नदी पार कर रही थी मां, गहरे पानी में डूबने से मासूम की मौत, महिला गंभीर

मैहर। जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेत जाते समय नदी पार कर रही मां अपने 8 वर्षीय बेटे के साथ गहरे पानी में डूब गई। हादसे में बच्चे की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला का उपचार अस्पताल के आईसीयू में जारी है।
खेत पर जा रही थी सबीना
जानकारी के अनुसार, ग्राम भरौली निवासी सबीना पटेल (40), पति वीरेंद्र पटेल मंगलवार सुबह अपने 8 वर्षीय बेटे सौरभ पटेल को साथ लेकर खेत की ओर जा रही थीं। खेत के पास टमस नदी पड़ती है। बताया गया कि नदी पार करने के दौरान महिला ने अपने बेटे को पीठ पर बांध रखा था। नदी के बीच पहुंचने पर अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
आसपास मौजूद लोगों ने नदी से बाहर निकाला
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल मैहर लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान 8 वर्षीय सौरभ पटेल ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, मेन गेट पर धरने पर बैठे परिजन
मां को आईसीयू में भर्ती कराया
हादसे में गंभीर रूप से घायल मां सबीना पटेल की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर अमदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
बहू के लिए प्रार्थना कर रहे हैं
सबीना अपने बेटे को पीठ पर बांधकर नदी पार कर रही थीं। इसी दौरान नदी के गहरे पानी में दोनों डूब गए। हादसे में पोते सौरभ की मौत हो गई, जबकि बहू का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हम बहू सबीना के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
-लक्ष्मण प्रसाद पटेल, पीड़िता के परिजन
ये भी पढ़ें: मिठाई-समोसा खाने के बाद मदरसे में अचानक बेहोश हुईं 4 छात्राएं, 10 साल की बच्ची ने तोड़ा दम




















