Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मिठाई-समोसा खाने के बाद मदरसे में अचानक बेहोश हुईं 4 छात्राएं, 10 साल की बच्ची ने तोड़ा दम

बिहार के सुपौल के एक मदरसे में चार छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी बेहोश हो गईं और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 10 साल की अल्फिशा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले बच्चियों ने मिठाई और समोसा खाया था। पुलिस को फूड पॉइजनिंग का शक है, लेकिन जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
मिठाई-समोसा खाने के बाद मदरसे में अचानक बेहोश हुईं 4 छात्राएं, 10 साल की बच्ची ने तोड़ा दम
बिहार के सुपौल के एक मदरसे में चार छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

सुपौल: बिहार के सुपौल में एक मदरसे में अचानक चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। चारों बच्चियां बेहोश हो गईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान 10 साल की अल्फिशा की मौत हो गई, जबकि बाकी तीन छात्राओं का इलाज जारी है।

मिठाई-समोसा खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी वार्ड नंबर-19 में जामिय अतुस सालिहात एजुकेशनल ट्रस्ट के तहत मदरसा संचालित होता है। यहां करीब 60 से 65 छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। संस्था करीब दो साल से चल रही है और अल्फिशा भी करीब डेढ़ से दो साल से यहां रह रही थी। बताया गया कि सोमवार को अल्फिशा की मां उससे मिलने मदरसे पहुंची थीं। वह बच्चियों के लिए मिठाई और समोसा लेकर आई थीं। इसके कुछ समय बाद अल्फिशा समेत चार छात्राओं की अचानक तबीयत खराब हो गई। बीमार छात्राओं में आफिया, सहाना खातून और हलीमा सादिया भी शामिल हैं। चारों को बेहोशी की हालत में निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अल्फिशा की मौत हो गई।

पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मदरसे पहुंची। अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण किया और संचालक खलील रहमान समेत शिक्षकों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चियों की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी और क्या इसका संबंध किसी खाने-पीने की चीज से है।

ये भी पढ़ें: मारुति सुजुकी की कारें फिर महंगी, 20 हजार रुपए तक बढ़े दाम; 4 महीने में तीसरी बार कीमतों में इजाफा

मदरसे के दस्तावेजों की भी जांच

प्रशासन के मुताबिक, मदरसे में कई छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि दो से तीन अन्य छात्राएं अस्पताल में भर्ती हैं। उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। डीएम के निर्देश पर शिक्षा विभाग की टीम ने भी मदरसे पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से यह भी देखा जा रहा है कि छात्राओं को आवासीय सुविधा देने के लिए संस्था के पास जरूरी अनुमति है या नहीं और नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

फूड पॉइजनिंग का शक, रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, असली वजह मेडिकल जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। वहीं, मृत बच्ची के परिवार ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस और प्रशासन मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts