Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महाकाल के गर्भगृह में आगजनी से झुलसे सेवक की मौत : मुंबई में इलाज के दौरान तोड़ा दम, होली के दिन केमिकल वाले गुलाल से लगी थी आग

Follow on Google News
महाकाल के गर्भगृह में आगजनी से झुलसे सेवक की मौत : मुंबई में इलाज के दौरान तोड़ा दम, होली के दिन केमिकल वाले गुलाल से लगी थी आग
उज्जैन। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में होली के दिन आग लगने से झुलसे सेवक सत्यनारायण सोनी (80) की मौत हो गई। उन्होंने बुधवार सुबह मुंबई के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। सोनी को पहले इंदौर के अरविंदो अस्‍पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से बाद में उन्हें मुंबई ले जाया गया। गर्भगृह में केमिकल वाले गुलाल से आग लगने की वजह से सत्यनारायण गंभीर रूप से झुलस गए थे।

महाकाल के गर्भगृह में लगी आग

25 मार्च की सुबह महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई थी। जिसमें 14 लोग झुलस गए थे। बता दें कि गुलाल उड़ाने से आग भड़की थी। घायल सेवक ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाला। गुलाल दीपक पर गिरा। अनुमान है कि गुलाल में कोई केमिकल ऐसा था, जिससे आग भड़क गई। ये 14 लोग हुए थे घायल – सत्यनारायण सोनी, चिंतामण, रमेश, अंश शर्मा, शुभम, विकास, महेश शर्मा, मनोज शर्मा, संजय, आनंद, सोनू राठौर, राजकुमार बैस, कमल, मंगल

4 बिंदुओं पर आई घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट

महाकाल मंदिर में आगजनी की घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट 4 बिंदुओं पर आई। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने का कारण थाली पर गुलाल गिरना पाया गया, बाहर से जो गुलाल लाया गया, उसी के कारण आग लगी। होली पर तय प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ, मंदिर में जिम्मेदारों ने लापरवाही बरती, पूजा कर रहे लोगों ने भी नियम का पालन नहीं किया।

सिक्योरिटी एजेंसी की भी लापरवाही सामने आई

कलेक्टर ने आगे कहा कि सिक्योरिटी एजेंसी की भी लापरवाही सामने आई है। सभी पर कार्रवाई होगी, सिक्योरिटी एजेंसी को नोटिस जारी करेंगे। जिन अफसरों की ड्यूटी लगी थी, उन पर भी कार्रवाई होगी। गुलाल अंदर ले जाने वाले भक्तों की भी पहचान कर एक्शन लेंगे। जांच रिपोर्ट में फिलहाल किसी नाम का उल्लेख नहीं, फाइनल रिपोर्ट आने में थोड़ा समय लगेगा। ये भी पढ़ें- महाकाल मंदिर के गर्भगृह में केमिकल वाला गुलाल उड़ाने से आग भड़की थी… जांच कमेटी ने कलेक्टर को सौंपी प्रारंभिक रिपोर्ट; CCTV फुटेज से इसके सबूत मिले
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts