डोल ग्यारस पर आदिवासी डंडा नृत्य प्रतियोगिता, मधुर मंडल डोबी ने जीता प्रथम पुरस्कार

सोहागपुर। प्रतियोगिता देर रात से बुधवार सुबह तक जारी रही, जिसमें श्री मधुर मंडल डोबी ने प्रथम स्थान हासिल कर 12,101 रुपए का पुरस्कार जीता। श्री नर्मदा मंडल नारायणपुर दूसरे और श्री जगदंबा मंडल रजोन तीसरे स्थान पर रहे, जबकि श्री बजरंग मंडल तुलसीपार को चौथा स्थान मिला। स्व. प्रेम शंकर पालीवाल की स्मृति में प्रतिवर्ष होने वाली इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
मधुर मंडल डोबी ने जीता प्रथम पुरस्कार
प्रतियोगिता में श्री मधुर मंडल डोबी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 12,101 रुपए का प्रथम पुरस्कार जीता। श्री नर्मदा मंडल नारायणपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5,101 रुपए और श्री जगदंबा मंडल रजोन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 3,101 रुपए का पुरस्कार हासिल किया। वहीं श्री बजरंग मंडल तुलसीपार चतुर्थ स्थान पर रहा, जिसे 2,101 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल तीन अन्य मंडलों को समिति की ओर से सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र, ‘27% OBC आरक्षण लागू कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिले’
स्व. प्रेम शंकर पालीवाल की स्मृति में आयोजन
आयोजन समिति की ओर से पुरुषोत्तम पालीवाल ने बताया कि प्रथम पुरस्कार स्व. प्रेम शंकर पालीवाल की स्मृति में हर्ष कुमार पालीवाल द्वारा प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार स्व. रामनरेंद्र (लल्लू) जायसवाल की स्मृति में प्रदान किया गया, जबकि तृतीय, चतुर्थ और सांत्वना पुरस्कार आयोजन समिति की ओर से दिए गए। स्व. प्रेम शंकर पालीवाल की स्मृति में यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर कलाकारों ने दी प्रस्तुति
प्रतियोगिता में शामिल मंडलों के युवा कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में डंडा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक नृत्य की लय पर कलाकारों ने देर रात तक अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। आदिवासी संस्कृति और लोक परंपरा की इस प्रस्तुति ने डोल ग्यारस महोत्सव में विशेष आकर्षण जोड़ा।
विजेता मंडलों को प्रदान किए गए पुरस्कार
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर डोल ग्यारस समिति अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह, हर्ष पालीवाल, कन्नूलाल अग्रवाल, राजेश सोनी, पुरुषोत्तम पालीवाल, विजय अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने विजेता मंडलों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और देर रात से बुधवार सुबह तक आयोजन चलता रहा।
ये भी पढ़ें: मंजर भोपाली के मंचीय सफर के 50 साल पूरे, 27 सितंबर को मुशायरे का आयोजन
बिहारी चौक पर हुआ विमानों का एकत्रीकरण
प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से आयोजन स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं के लिए स्थानीय प्रशासन का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि बिहारी चौक स्थित इसी स्थान पर डोल ग्यारस के अवसर पर विभिन्न विमानों का एकत्रीकरण भी होता है। इसके बाद इन्हें बुधवार सुबह जलविहार के लिए पलकमति नदी घाट ले जाया गया।




















